इसरो के चेयरमैन के. सिवन
- फोटो : amar ujala
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चेयरमैन के. सिवन ने कहा कि इसरो का इरादा अपने अंतरिक्ष संबंधी ज्यादातर गतिविधियों को इंडस्ट्री के लिए खोलने और एडवांस रिसर्च पर ध्यान केंद्रित करने का है। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार ने इस सेक्टर को निजी कंपनियों के लिए खोलने का फैसला लिया है।
अंतरिक्ष विभाग में सचिव सिवन ने कहा कि सरकार ने पिछले साल जून में इस सेक्टर में निजी क्षेत्र की सहभागिता बढ़ाने के लिए सुधारों की शुरुआत की थी जिसे लेकर इंडस्ट्री में काफी उत्साह है। भविष्य की अंतरिक्ष गतिविधियों में अब बदलाव आ रहा है, नहीं तो पहले सभी अंतरिक्ष संबंधी गतिविधियां केवल इसरो द्वारा ही होती थी।
अब हम निजी क्षेत्र या कंपनियों को भी समान अवसर दे रहे हैं। वह ‘भारत में एयरोस्पेस और वैमानिकी का भविष्य’ पर यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एवं एनर्जी स्ट्डीज द्वारा आयोजित वेबिनार में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि इसरो अपनी तकनीक को निजी कंपनियों के साथ साझा कर सकता है और उन्हें अपनी सुविधाओं का इस्तेमाल करने का अवसर दे रहा है। हम उन्हें अपने स्तर पर लाने के लिए हरसंभव मदद करेंगे ताकि इसरो की अंतरिक्ष संबंधी ज्यादातर गतिविधियों को इंडस्ट्री को सौंपा जा सके और हम अपना ज्यादातर समय रिसर्च को दे सकें और भारत को अंतरिक्ष क्षेत्र में आगे ले जा सकें।