इस्राइल भारत स्थित अपने दूतावास में अगले साल जनवरी से एक ‘वॉटर अटैची’ नियुक्त करेगा। यह भारत में जल प्रबंधन और कृषि क्षेत्र में इस्राइली सहयोग बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेगा। भारत में इस्राइल के राजदूत रॉन मालका ने बताया कि इसके साथ ही बहुत जल्द पूर्वोत्तर राज्यों के लिए विशेष राजदूत भी नामित किया जाएगा ताकि इस क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाया जा सके।
मालका ने बताया कि पहली बार इस्राइल ‘वॉटर अटैची’ नियुक्त करने जा रहा है। यह ‘एग्रीकल्चर अटैची’ के साथ मिलकर जल व कृषि क्षेत्र में भारत-इस्राइल का सहयोग बढ़ाने के लिए उत्कृष्टता केंद्रों की निगरानी करेंगे। ये तकनीक का इस्तेमाल कर भारत के जल प्रबंधन और कृषि क्षेत्र में योगदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि देश भर में 29 उत्कृष्टता केंद्र काम कर रहे हैं, जिनमें करीब डेढ़ लाख किसानों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मालका ने कहा कि भारत और इस्राइल के बीच जल प्रबंधन को लेकर सामरिक भागीदारी है। यह हमारे संबंधों का प्रमुख स्तंभ है। हम समझते हैं कि कोविड के बाद जल प्रबंधन एक बड़ी चुनौती होने वाली है इसलिए हमने सहयोग बढ़ाने के लिए वॉटर अटैची नियुक्त करने का फैसला किया है।