कैसे कराई जाएगी निकासी?
विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, पहले जमीन के रास्ते से भारतीयों को सुरक्षित स्थानों पर लाया जाएगा। इसके बाद उन्हें हवाई मार्ग से भारत लाया जाएगा। इसे लेकर विदेश मंत्रालय ने कहा कि, 'इस्राइल और ईरान के बीच हालिया घटनाओं को देखते हुए, भारत सरकार ने फैसला लिया है कि जो भारतीय नागरिक इस्राइल छोड़ना चाहते हैं, उन्हें वहां से निकाला जाएगा। उनकी यात्रा की व्यवस्था पहले जमीनी मार्ग और फिर हवाई मार्ग से की जाएगी।'
भारतीय दूतावास की चेतावनी और सहायता
इस्राइल की राजधानी तेल अवीव में मौजूद भारतीय दूतावास ने पहले ही कई बार सतर्कता बरतने की सलाह दी थी। अब फिर से भारतीय नागरिकों को कहा गया है कि वे सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। इस्राइल की चेतावनी प्रणाली पर नजर रखें। इसमें सबसे जरूरी ये है कि बिना जरूरत बाहर न निकलें। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वे लगातार भारतीय समुदाय के संपर्क में हैं और हर संभव मदद देने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें -
Israel vs Iran: ईरान में TV प्रसारण हैक कर अशांति-हिंसा भड़काने की साजिश; इस्राइल में नेताओं को मिलीं धमकियां
पंजीकरण और संपर्क जानकारी
अगर आप या आपके परिजन इस्राइल में हैं और भारत लौटना चाहते हैं, तो आप नीचे लिखे संपर्क सूत्रों पर संपर्क कर सकते हैं।
- भारतीय दूतावास वेबसाइट पर रजिस्टर करें। - (https://www.indembassyisrael.gov.in/indian_national_reg)
- इन फोन नंबर पर संपर्क करें। +972 54-7520711 और +972 54-3278392
- इन ईमेल आईडी पर ईमेल करें। cons1.telaviv@mea.gov.in व mailto:cons1.telaviv@mea.gov.in
सरकार का रुख: 'नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि'
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, 'विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं और समय-समय पर जरूरी कदम उठाते रहेंगे।'