आगामी लोकसभा चुनाव में प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के कितने फीसदी मतों का मिलान वीवीपैट मशीन से निकलने वाली पर्चियों से होगा, इसका फैसला जल्द हो जाएगा। भारतीय सांख्यिकी संस्थान (आईएसआई) ने शुक्रवार को इस बारे में चुनाव आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। फिलहाल हर विधानसभा सीट से एक सीट पर मिलान कराया जाता है। लेकिन विपक्ष ने वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीपीपैट) से निकलने वाली कम से कम 50 फीसदी पर्चियों का मिलान ईवीएम से कराने की मांग की हुई है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, आईएसआई के प्रोफेसर अभय भट्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा और आयुक्त अशोक लवासा को वीवीपैट सैंपल रिपोर्ट सौंप दी है। इसमें प्रोफेसर चेन्नई गणित संस्थान के निदेशक राजीव एल करिंदकर और सामान्य सांख्यिकी विभाग के प्रमुख उपकार बोस का शोध शामिल है।