पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संदिग्ध आफताब को 17 मई तक 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यूपी एटीएस ने संदिग्ध को 10 दिन के रिमांड पर रखने के लिए आवेदन किया है। स्पेशल सीजेएम आजाद सिंह ने इस पर सुनवाई कल रखी है।
अपने आवेदन में यूपी एटीएस ने कहा है कि आरोपी ने कबूला है कि वो आईएसआई का जासूस था, इसलिए उसका न्यायिक हिरासत में जाना जरूरी है। बता दें कि आफताब को लखनऊ ने 120 किलोमीटर दूर फैजाबाद से यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया गया। यूपी एटीएस ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन में मुंबई से और दो संदिग्धों को पकड़ा है।
आईएसआई एजेंट आफताब ने बड़ा खुलासा किया है। पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारियों की फरमाइश पर वह काल गर्ल की सप्लाई करता था। हालांकि एटीएस इसके सुबूत तलाश रही है, ताकि आफताब के दावे की सच्चाई पता चल सके और पाकिस्तान के अधिकारियों को बेनकाब किया जा सके।
अल्ताफ और जावेद दोनों ही हवाला कारोबारी हैं। आफताब के खाते में पैसा जमा करने वाले अल्ताफ से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि जावेद ने पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा था। जावेद को गिरफ्तार कर जब उससे पूछताछ की गई तो जावेद ने बताया कि कराची से मिलने वाले आदेश पर वह एजेंट के खाते में पैसे ट्रांसफर करता था। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला है कि आफताब लखनऊ में भी कैंट एरिया में जासूसी के लिए आ चुका था।