समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा शनिवार को की गई टिप्पणी के बाद, भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने पलटवार करते हुए कहा है कि क्या महिलाओं के अधिकारों के लिए खड़ा होना गंदी राजनीति है?
अखिलेश बोले- ममता महिलाओं का दर्द समझती हैं
अखिलेश ने भाजपा की ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग पर आपत्ति जताते हुए तर्क दिया था कि बनर्जी एक महिला होने के नाते अन्य महिलाओं का दर्द समझती हैं और उन्होंने उचित कार्रवाई की है।
अखिलेश यादव ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा था, ‘बंगाल में जो घटना हुई है वह दर्दनाक है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद एक महिला हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। लेकिन, भाजपा को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। क्या उप्र में बेटियां सुरक्षित हैं। देश के आंकड़े निकलवाएं तो सबसे ज्यादा बेटियों के साथ घटनाएं उप्र में हुई है।’
9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी के दौरान एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर की बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई, जिसके बाद चिकित्सा समुदाय ने देशव्यापी हड़ताल और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।