दिल्ली में वाहनों से पैदा प्रदूषण की स्थिति गंभीर
दिल्ली सरकार के जून 2018 के एक आंकड़े के मुताबिक, केवल वाहनों के कारण राजधानी में रोजाना 217.7 टन कार्बन मोनो ऑक्साइड पैदा होती है जो किसी के भी स्वास्थ्य को बेहद खराब कर सकती है। इसके अलावा हाइड्रोकार्बन 66.7 टन, नाइट्रोजन ऑक्साइड 84.1 टन, पार्टीकुलेट मैटर 9.7 टन और सल्फर डाई ऑक्साइड 0.72 टन रोजाना जहरीली गैस के रुप में दिल्ली की आबोहवा में घुल जाती है जो लोगों में तमाम गंभीर बीमारियां पैदा करती हैं।
मनोज तिवारी ने कहा- न्याय योजना की तरह लॉलीपॉप
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की महिलाओं को मुफ्त यात्रा की घोषणा को भाजपा नेता मनोज तिवारी ने एक लॉलीपॉप बताया। उन्होंने कहा कि इसी सरकार के पास उस समय पैसा नहीं था जब दिल्ली के छात्र अपने लिए फ्री पास देने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की यह योजना जमीन पर नहीं उतरने वाली है और इसका परिणाम भी उसी तरह होगा जो हाल कांग्रेस की न्याय योजना का हुआ है। उन्होंने इसे केजरीवाल का 'राजनीतिक स्टंट' बताया।
तिवारी के मुताबिक, दिल्ली सरकार अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जरुरी उपाय नहीं कर पा रही है, बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, सरकार उसे तो पूरा कर नहीं पा रही है। ऐसे में महिलाओं को प्रति वर्ष फ्री यात्रा में हजारों करोड़ कहां से खर्च करेगी, यह समझने की बात है।