अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी से बिना शर्त मुलाकात के प्रस्ताव को ईरानी नेताओं व सैन्य कमांडरों ने ठुकरा दिया है। उन्होंने ट्रंप की कथनी और करनी में अंतर का आरोप लगाते हुए इस संभावित मुलाकात को सपना बताया और कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति का 2015 में हुआ परमाणु समझौता तोड़ना गैर कानूनी फैसला रहा है।
ईरान नहीं छोड़ेगा तेल निर्यात का अधिकार : रूहानी
मंगलवार को जिस वक्त ट्रंप ने ईरान से बिना शर्त बातचीत का प्रस्ताव रखा उसी वक्त ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ब्रिटिश राजदूत से मुलाकात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ईरान नहीं चाहता है कि क्षेत्र में तनाव हो लेकिन हम अपने तेल निर्यात करने के अधिकार को आसानी से छोड़ने वाले नहीं हैं। उन्होंने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों से यह तक कहा है कि यदि अमेरिका हमारा तेल निर्यात रोकने की कोशिश करेगा तो हम होर्मुज जलसंधि (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) से दूसरे देशों के तेल जहाजों पर भी रोक लगा सकते हैं।