क्रिकेट के लिए भारतीयों का आकर्षण किसी से छिपा नहीं है। यह आकर्षण और प्रेम एक बार फिर भी दिखाई दिया है। दरअसल क्रिकेट प्रेमी भारतीयों के इस आकर्षण के कारण ने इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को गूगल इंडिया के ‘ईयर इन सर्च 2020’ में अव्वल नंबर दिला दिए हैं।
आईपीएल ने गूगल इंडिया पर सर्च किए जाने के मामले में पूरे साल टॉप ट्रेंडिंग रहे कोरोनावायरस को भी पीछे छोड़ दिया है।
गूगल इंडिया के मुताबिक, पिछले साल भी इस सर्च में क्रिकेट ही अव्वल नंबर रहा था। पिछले साल क्रिकेट प्रेमियों ने आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप को सबसे ज्यादा सर्च किया था। इस साल आईपीएल महज सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाला शब्द ही नहीं रहा बल्कि सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाला खेल व समाचार इवेंट भी बन गया।
इस मामले में आईपीएल के बाद सबसे ज्यादा कोरोना वायरस को सर्च किया गया, जबकि अमेरिकी चुनाव परिणाम, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम किसान स्कीम), बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम और दिल्ली के चुनावी परिणाम भी सर्च किए जाने वाले शीर्ष शब्दों में शामिल रहे। इनके अलावा टॉप-10 सर्च में निर्भया हत्याकांड, लॉकडाउन, भारत-चीन गतिरोध और राम मंदिर भी शामिल रहे।
28 फीसदी का रिकॉर्ड इजाफा हुआ था आईपीएल के दर्शकों में
इस बार आईपीएल का आयोजन कोरोना वायरस के कारण भारत के बजाय यूएई में 19 सितंबर से 10 नवंबर तक किया गया था। भारतीय क्रिकेट प्रेमियों ने आईपीएल के आयोजन को जमकर सराहा।
इसका नतीजा ये रहा कि पिछले सीजन के मुकाबले इस बार आईपीएल की दर्शक संख्या में 28 फीसदी इजाफा हो गया। आईपीएल के अलावा यूएफा, चैंपियन लीग, इंग्लिश प्रीमियर लीग, फ्रेंच ओपन और ला लीगा भी सर्च की गई संख्या में सबसे ज्यादा सर्च किए गए खेल इवेंट रहे।
बाइडन के बाद अर्नब गोस्वामी किए गए सबसे ज्यादा सर्च
यदि सबसे ज्यादा सर्च किए गए लोगों की बात की जाए तो अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन यहां भी अव्वल रहे। इनके अलावा कोरोना पॉजीटिव पाए जाने के कारण अचानक बेहद चर्चा में रही अभिनेत्री कनिका कपूर को भी बेहद सर्च किया गया।
अभिनेता सुशांत राजपूत की संदिग्ध मौत के कारण अचानक चर्चा में रही अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और सुशांत की पूर्व गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे भी सर्च किए जाने वालों की शीर्ष सूची में रहे।