पूर्व गृह व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम से सीबीआई ने दिल्ली स्थित मुख्यालय में करीब चार घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ 2007 में मीडिया कंपनी आईएनएक्स मीडिया को 305 करोड़ रुपए के विदेशी फंड के लिए फॉरेन इनवेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) की मंजूरी से संबंध में की गई। इस दौरान चिदंबरम वित्त मंत्री थे। पी चिदंबरम फिलहाल इस मामले में आरोपी नहीं हैं। उनसे यह पूछताछ संदिग्ध के तौर पर की गर्इ है।
सीबीआई ने पिछले साल 15 मई को इस मामले में एफआईआर दर्ज कर पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को आरोपी बनाया है। आईएनएक्स के तत्कालीन निदेशक पीटर मुखर्जी और उनकी पत्नी इंद्राणी मुखर्जी भी इस मामले में आरोपी हैं। कार्ति इस मामले में सीबीआई के हाथों गिरफ्तार हो चुके हैं। वह फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। जबकि पीटर और इंद्राणी अपनी बेटी शीना की हत्या केआरोप में पहले ही जेल में हैं। गौरतलब है कि इस मामले के खुलासे से पहले सीबीआई ने ही सनसनीखेज शीना हत्याकांड की जांच कर पीटर और इंद्राणी को गिरफ्तार किया था।
सीबीआई के मुताबिक पी चिदंबरम से एफआईपीबी की मंजूरी की फाईलों के आधार पर सवाल पूछे गए। सीबीआई का आरोप है कि कार्ति चिदंबरम ने अपने पिता के वित्त मंत्री होने का फायदा उठाते हुए आईएनएक्स मीडिया के लिए नियमों की अनदेखी कर एफआईपीबी की मंजूरी ली। इसके लिए कार्ति को दस लाख रुपए दिए गए जो रिकाड पर है। इस मामले में पी चिदंबरम फिलहाल संदिग्ध हैं।
बुधावार की पूछताछ में सीबीआई को ठोस सबूत मिलता है तो उन्हें भी आरोपी बनाया जा सकता है। पी चिदंबरम ने सीबीआई की गिरफ्तारी केडर से दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने 3 जुलाई तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा रखा है। इससे पहले मंगलवार को पी चिदंबरम से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एयरसेल-मैक्सिस मामले में पूछताछ की थी।
चिदंबरम की गाड़ी को गेट पर ही रोका
पूछताछ केलिए सुबह 11 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे पी चिदंबरम की गाड़ी को परिसर केगेट पर ही रोक दिया गया। मीडिया की भीड़ से सामना करते हुए चिदंबरम पैदल ही आम लोगों के लिए बने रास्ते से पैदल चल कर मुख्य भवन तक गए। गौरलतब है कि 2011 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस नए मुख्यालय का उदघाटन किया था तो पी चिदंबरम को गेस्ट ऑफ ऑनर केतौर पर बुलाया गया था। शुरुआती पूछताछ के बाद चिदंबरम करीब पौने दो बजे लंच के लिए बाहर गए। दोबारा वापस लौटने के बाद उनसे शाम पांच बजे तक पूछताछ की गई।