नोट बैन के बाद जहां देशभर में पैसों को लेकर हाहाकार मचा है वहीं कुछ लोगों के लिए यह खबर बड़ा झटका देने वाली साबित हुई है। मुंबई की दलाल स्ट्रीट के प्रमुख निवेशक राकेश झुनझुनवाला को पिछले 16 दिनों में कुल 1478 करोड़ का झटका लग चुका है।
इसमें उनके हालिया टॉप पिकअॅप डीएलएफ में किए गए निवेश में हुआ घाटा शामिल नहीं है जिसके शेयर पिछले 15 दिनों में लगभग 30 फीसदी तक गिर गए हैं। उन्होंने जिन बड़ी कंपनियों में निवेश किया था उनमें से ज्यादातर के शेयर काफी तेजी से गिरे हैं।
ईकॉनामिक टाइम्स की खबर के अनुसार झुनझुनवाला को उनके कई निवेशों में बड़ा घाटा हुआ है। जिनमें टाटा ग्रुप के प्रमुख ज्वैलरी ब्रांड टाइटन को हुआ घाटा भी शामिल है। जिसके शेयर पिछले कुछ समय में 15 फीसदी तक गिरे हैं। इसमें झुनझुनवाला को 397 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
अगस्त में अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद कंपनी को कुल 840 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। इसके अलावा टाटा की दूसरी कंपनियों टाटा मोटर्स और रालिस के शेयरों में 3.07 और 1.16 फीसदी की गिरावट आई है जिसका खामियाजा झुनझुनवाला को भुगतना पड़ा है।