राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सोमवार को देशवासियों को बधाई दी और कहा कि कोविड-19 के दौरान योग काफी मददगार साबित हो सकता है। कोविंद ने कहा कि योग भारत द्वारा दुनिया को दिए गए महान उपहारों में से एक है। योग दिवस हर साल 21 जून को पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है।
राष्ट्रपति ने योग करते हुए अपनी तस्वीर ट्विटर पर साझा की और कहा, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सबको बधाई। हजारों वर्षों से करोड़ों लोगों को स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन का वरदान और शरीर एवं मन के संयोजन का साधन, योग के रूप में हमारे ऋषियों ने विश्व को दिया है। मानवता को यह भारत की अनुपम देन है। योग, कोविड-19 के दौरान भी सहायक हो सकता है।
उपराष्ट्रपति सहित केंद्रीय मंत्रियों ने भी योग अभ्यास कर स्वस्थ रहने का दिया संदेश
योग दिवस के मौके पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने अपने सरकारी आवास पर पत्नी ऊषा के साथ योग किया। उन्होंने देशवासियों को योग दिवस की बधाई देते हुए ट्वीट किया कि योग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
इधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने दिल्ली के महाराजा अग्रसेन पार्क में योग किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि कोविड-19 के इस दौर में योग की प्रासंगिकता बढ़ गई है। योग हमारे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करता है। योग को हमें अपने दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए। यह कोरोना वायरस के खिलाफ हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने योग दिवस पर ‘योग एक भारतीय धरोहर’ अभियान के तहत नागपुर में योग किया। वहीं, सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने दिल्ली के लाल किला पर योग किया। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उत्तर प्रदेश के रामपुर में योग कर लोगों को योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने को कहा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में अपने आवास पर योग किया। जबकि केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पटना में योग किया।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर अगुवादा किले पर योग किया। गौरतलब है इस साल योग दिवस पर ‘मानव तंदुरुस्ती और कल्याण के लिए योग’ थीम रखा गया है। वर्ष 2014 से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर दुनिया भर में लोग योग करते हैं। कोरोना महामारी के कारण पिछले साल की तरह इस साल भी योग के कार्यक्रम वर्चुअल आयोजित किए गए।
योग की धर्मनिरपेक्ष प्रकृति को बरकरार रखा जाए: विजयन
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को कहा योग एक ‘स्वास्थ्य देखभाल का रूप’ है, अगर यह किसी भी धार्मिक ढांचे के भीतर सीमित है, तो समाज के एक बड़े हिस्से को इसके लाभों से वंचित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, आधुनिक योग कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे आध्यात्मिकता या किसी विशेष धर्म के संबंध में देखा जाना चाहिए। दिग्गज मार्क्सवादी नेता ने वीडियो जारी कर योग दिवस पर अपना संदेश दिया।
समुद्री लहरों के बीच नौसैनिकों ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर नौसैनिकों ने समुद्री लहरों के बीच युद्धपोतों पर योग अभ्यास किया। इनमें सुरक्षा कोर समेत सभी यूनिट के जवान शामिल थे। योग दिवस पर हिंद महासागर क्षेत्र और उसके आगे तैनात युद्धपोतों पर जवानों ने योग किया। वाइस एडमिरल एके चावला और उनकी पत्नी सपना चावला ने वर्चुअल योग सत्र में भाग लिया। इधर, आईएनएसस ऐरावत और दक्षिण चीन सागर में वियतनाम के कैम रण बे में तैनात भारतीय नौसेना के जवानों ने योगाभ्यास किया।