राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कहा कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं किसी भी प्रगतिशील राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। राष्ट्रपति ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपने संदेश में लिखा कि जब ‘नारी शक्ति’ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करती है और साहस के साथ नेतृत्व करती है, तो यह समाज को अधिक समावेशी और समृद्ध बनाती है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा "इस अवसर पर आइए हम यह प्रतिबद्धता दोहराएं कि हम ऐसा समाज बनाएंगे जहां हर महिला को समान अवसर, सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्रता मिले।" राष्ट्रपति ने जोर देते हुए कहा कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं ही किसी राष्ट्र की प्रगति का असली आधार हैं। उन्होंने सभी से मिलकर ऐसा वातावरण बनाने का आह्वान किया, जहां महिलाओं की आकांक्षाओं और उपलब्धियों से एक समान और न्यायपूर्ण भविष्य आकार ले सके।
पीएम मोदी ने 'नारी शक्ति' की उपलब्धियों को बताया गर्व का स्रोत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारत की 'नारी शक्ति' की उपलब्धियां देश के लिए गर्व का स्रोत हैं। पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण उनकी सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों के केंद्र में है। सरकार हर महिला को अपनी पूरी क्षमता को पहचानने और भारत के विकास के सफर में योगदान देने के लिए अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं अपनी नारी शक्ति को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। हर क्षेत्र में महिलाएं दृढ़ संकल्प, रचनात्मकता और अतुलनीय उत्साह के साथ भारत की प्रगति को आकार दे रही हैं। उनकी उपलब्धियां हमारे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं और ‘विकसित भारत’ के निर्माण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत बनाती हैं।' पीएम मोदी ने आगे कहा कि जैसे-जैसे भारत आगे बढ़ेगा, महिलाओं की आकांक्षाएं और योगदान देश के सामूहिक विकास और समृद्धि की दिशा में मार्गदर्शन करते रहेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह ने नारी शक्ति को दी शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपनी ट्विटर पोस्ट के जरिए सभी महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अमित शाह ने लिखा "मानवता हमेशा नारी शक्ति की अनमोल भूमिका की ऋणी रहेगी।" उन्होंने कहा कि महिलाएं न केवल नई पीढ़ियों को संवारती हैं, बल्कि वैज्ञानिक और आर्थिक प्रगति में भी अहम योगदान देती हैं। उनके योगदान से समाज के हर पहलू में सकारात्मक बदलाव आता है।
गृह मंत्री शाह ने यह भी कहा कि यह गहरा आभार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस दृष्टिकोण को प्रेरित करता है, जिसमें महिलाएं सिर्फ प्रगति की गवाह नहीं बल्कि परिवर्तनकर्ता बनकर समाज और देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाती हैं।
दिल्ली CM रेखा गुप्ता और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महिला बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हरी झंडी दिखाकर 'ऑल वुमन बाइक रैली' को रवाना किया। इस रैली का उद्देश्य महिलाओं में साहस और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष ने रैली के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि महिलाएं समाज में समान अवसर और नेतृत्व की शक्ति रखती हैं।
महिला दिवस पर राहुल गांधी का वीडियो संदेश
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, शक्ति और सपनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आत्मविश्वास और उनके बड़े सपने समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की ताकत रखते हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश वीडियो में कहा 'हर महिला अपनी विशेष पहचान और क्षमता रखती है। उनके अनुसार महिलाओं की संवेदनशीलता, समझ और भावनात्मक बुद्धिमत्ता समाज में संतुलन और नई दिशा प्रदान करती है।'
उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी अनोखी ताकत के जरिए समाज को आगे बढ़ाती हैं। धैर्य, दूरदृष्टि और सहानुभूति जैसी खूबियां उन्हें नेतृत्व की एक अलग पहचान देती हैं। इस मौके पर राहुल गांधी ने केरल की कुछ छात्राओं के साथ बातचीत का एक वीडियो भी साझा किया। उन्होंने बताया कि इन युवा छात्राओं से बातचीत करना बेहद प्रेरणादायक अनुभव रहा।