नारकोटिक्स कंट्रेल ब्यूरो (एनसीबी) ने सौ करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। एनसीबी ने शुक्रवार को गिरोह के नौ लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें पांच भारतीय और चार विदेशी हैं।
इसका जाल देश में दिल्ली व उसके आसपास के इलाकों समेत पंजाब, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में फैला हुआ था, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस गिरोह की जड़ें ऑस्ट्रेेलिया, कनाडा, श्रीलंका, मलयेशिया और नाइजीरिया में मौजूद हैं।
एनसीबी की तरफ से शनिवार को बताया गया कि गिरोह के सदस्यों से ऑस्ट्रेलिया में छिपाई गई करीब 1300 करोड़ रुपये की ड्रग्स के ठिकानों की भी जानकारी मिली है, जिसे वहां के अधिकारियों के साथ साझा किया जा रहा है। एनसीबी के मुताबिक, गिरफ्तार तस्करों में एक अमेरिकी, दो नाइजीरियाई और एक इंडोनेशियाई मूल का व्यक्ति शामिल है।
ब्यूरो ने इनकी रेकी पर भारत में 20 किलो कोकीन पकड़ी है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 100 करोड़ रुपये कीमत है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में 55 किलो कोकीन और 200 किलो मेथामफेटामाइन के स्रोतों का पता लगाया है।
इस पूरे ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1300 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ये गिरोह भारत का इस्तेमाल कोकीन के भंडारण केंद्र के तौर पर करता था और फिर यहां से यह कोकीन अन्य देशों में सप्लाई की जाती थी।