केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन की 109वीं बैठक में कहा कि सरकार कोरोना के प्रभाव से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास करने को प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि भारत कोरोना महामारी से पड़ने वाले प्रभाव से निपटने और इससे मजबूत बनकर उभरने के लिए हरसंभव प्रयास करने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने शुक्रवार शाम को अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन की 109वीं बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में कोरोना महामारी से जीवन और आजीविका की हानि, अर्थव्यवस्था की मंदी, समाज के सभी वर्गों पर प्रतिकूल प्रभाव और विशेष रूप से कमजोर लोगों को अधिक असुरक्षित देखा गया है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार सृजन के लिए बेहतर सहयोग सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। सरकारों को महामारी से निपटने और नीतिगत स्तरों पर एक प्रभावी प्रतिक्रिया प्रदान करने की जरूरत है ताकि व्यापार निरंतरता, आय सुरक्षा और सब से ऊपर, सभी की बेहतरी को संतुलित किया जा सके। उन्होंने कहा कि भारत ने बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान शुरू किया है और अब तक 22.3 करोड़ से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि रोजगार एक अहम पहलू है और भारत विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य और वित्तीय मोर्चों पर भी रोजगार और मदद करने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीण भारत के लिए महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत दैनिक मजदूरी में वृद्धि के परिणामस्वरूप अकेले पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान 3.9 अरब मानव दिवस का रोजगार सृजन हुआ है।