तेलंगाना पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय किडनी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में 25 वर्षीय एमबीए के छात्र को गिरफ्तार किया गया है। उसने एक व्यक्ति को 34 लाख रुपये के बदले किडनी डोनर की व्यवस्था करने का वादा किया था लेकिन इसमें नाकाम रहा। छात्र डोनरों और मरीजों के बीच दलाली करता था।
पुलिस ने बताया कि रैकेट गैरकानूनी ढंग से किडनी बिक्री के काम में लगा था। आरोपी के खिलाफ 2019 में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने श्रीलंका या तुर्की से अपने स्रोतों के जरिए किडनी का इंतजाम करने का वादा किया था और परिवार के सदस्यों की पासपोर्ट की कॉपी भी ली थी। इस पर शिकायतकर्ता ने 34 लाख रुपये आरोपी को दिए थे। रकम मिलने के बावजूद आरोपी डोनर का इंतजाम नहीं कर सका। जांच के दौरान आरोपी को शुक्रवार को शहर से गिरफ्तार किया गया।