जर्मनी की टेलीकम्युनिकेशन मामलों की सरकारी एजेंसी ने अभिभावकों से बातचीत करने वाली गुड़िया 'केयला' को नष्ट करने को कहा है, क्योंकि इसके अंदर की स्मार्ट तकनीक से निजी डेटा की जानकारी हैकरों के हाथ लगने का खतरा है। स्मार्ट डॉल केयला एक ऐसी गुड़िया है, जो सवाल पूछे जाने पर इंटरनेट एक्सेस कर जवाब दे सकती है।
मान लीजिए अगर बच्चा केयला से पूछता है कि 'जर्मनी की राजधानी क्या है?' तो ये गुड़िया इंटरनेट एक्सेस कर जवाब देगी 'बर्लिन'। शोधकर्ताओं का कहना है कि हैकर इस गुड़िया के असुरक्षित ब्लूटूथ के जरिए बच्चों से बातें कर सकते हैं या उनकी बातें सुन सकते हैं। लेकिन यूके खिलौना विक्रेता संघ ने कहा है कि केयला से 'कोई खास खतरा' नहीं है।
'माय फ्रेंड केयला' नाम की इस गुड़िया की विक्रेता कंपनी विविड टॉय ग्रुप कह चुकी है कि हैकिंग के छिट-पुट किस्से हुए थे और इनमें हैकिंग विशेषज्ञों ने की थी। लेकिन विशेषज्ञों की चेतावनी है कि अभी तक हैकिंग के खतरे का समाधान नहीं निकाला गया है।