कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई। बारिश के बाद शहर में जगह-जगह पानी भर गया। इस बीच, शहर के केआर सर्किल अंडरपास में भरे पानी में कार फंसने से इन्फोसिस की महिला कर्मचारी की डूबने से मौत हो गई थी। अब पुलिस ने बेंगलुरू निकाय एजेंसी के इंजीनियरों और कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतका भानुरेखा के रिश्तेदार बतूला संदीप की शिकायत के आधार पर हलासुरु गेट पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
दरअसल, हैदराबाद की रहने वाली 22 वर्षीय भानुरेखा परिवार के साथ यात्रा कर रही थीं। अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों ने लोगों की मदद से परिवार के पांच अन्य लोगों और चालक को बचा लिया। सभी को सेंट मार्था अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने भानुरेखा को मृत घोषित कर दिया था।
कैब ड्राइवर ने दी प्रतिक्रिया
इस बीच, कैब ड्राइवर हरीश ने सोमवार को घटना के संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि रविवार को जब घटना हुई उस समय वह नगर निगम कार्यालय के रास्ते होसुर रोड जा रहा था। अंडरपास से पहले, उसने एक ऑटोरिक्शा और एक कार को अंडरपास पार करते हुए देखा। हालांकि भारी बारिश के कारण अंडरपास में भरे पानी को देखकर वह उससे निकलने के लिए सोंच ही रहा था तभी एक ऑटोरिक्शा चालक ने उसे आगे बढ़ने की सलाह दी। उसने कहा कि वह निकल जाएगा। इसके बाद वह अंडरपास क्रास करने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन उसी समय उसमे पानी भर गया और कार का इंजन बंद हो गया।
अंडरपास का हो रहा ऑडिट
इस घटना के बाद अंडरपास को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। इतना ही नहीं बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका ने शहर के सभी अंडरपासों का ऑडिट भी शुरू किया है। मुख्य आयुक्त तुषार गिरि नाथ ने कहा कि हम सभी अंडरपासों का ऑडिट कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। साथ ही हम उन अंडरपासों को बंद कर रहे हैं, जो इस्तेमाल के लायक नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने किया एलान
बता दें, घटना विधानसभा से कुछ ही दूरी पर हुई थी। ऐसे में जब हादसे की जानकारी मुख्यमंत्री सिद्दारमैया को मिली, तो वे मृतका के परिजनों से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर संवेदना जताई। उन्होंने भानुरेखा के परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा देने और अस्पताल में भर्ती लोगों के मुफ्त इलाज की भी घोषणा की।
कार ड्राइवर की गलती
सिद्दारमैया ने कहा कि आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा के रहने वाले परिवार ने कार किराये पर ली थी और बेंगलुरु घूमने आए थे। भारी बारिश के कारण केआर सर्किल अंडरपास में पानी भर गया था, जिसको देखते हुए बैरिकेडिंग कर दिया गया था। हैरानी वाली बात यह है कि इसके बावजूद कैब ड्राइवर ने उधर से ही गाड़ी निकाली, जिसके चलते यह दुखद घटना घटी। इस बीच, शहर के मध्य में मैजेस्टिक के पास एक अन्य अंडरपास में जलभराव में कई वाहन फंस गए। लोगों को अपने वाहनों से निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इलाज में लापरवाही करने का आरोप
वहीं, दूसरी ओर अस्पताल पर भानुरेखा के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। कहा जा रहा है कि गंभीर हालत में भानुरेखा को जब अस्पताल में भर्ती कराया गया तो अस्पताल के कर्मियों ने इलाज करने में लापरवाही की। मौके पर पहुंचे मीडिया ने जब अधिकारियों से पूछताछ की तो उसके बाद उसे भर्ती किया गया। इलाज में 30 मिनट की देरी हुई। सही समय पर इलाज नहीं होने के कारण भानुरेखा ने दम तोड़ दिया। हालांकि अस्पताल प्रशासन का दावा है कि इलाज में लापरवाही नहीं हुई है। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं।