उत्तराखंड के रानीखेत के चौबटिया में भारत-अमेरिका संयुक्त युद्धाभ्यास का पहला चरण शुरू हो गया है। सैन्य सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को पहले दिन दोनों तरफ के सैनिकों ने युद्धाभ्यास के लिए फील्ड में ट्रेनिंग ली और लेक्चर क्लासेज में शामिल हुए। आतंकवाद और उग्रवाद के खात्मे को लेकर दोनों देश सजग हैं। दोनों देशों के बीच यह 12वां युद्धाभ्यास है।
युद्धाभ्यास के दौरान दोनों देशों के जवानों द्वारा आतंकवाद से निपटने की कार्यकुशलता और तकनीकी कौशल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निगरानी और ट्रैकिंग उपकरण, आतंकवादियों से निपटने के लिए विशेष हथियारों, विस्फोटक और आईईडी डिटेक्टर्स और नवीनतम संचार उपकरणों का प्रयोग भी होगा।
सैन्य सूत्रों के अनुसार, पहले दिन दोनों देशों के जवानों और अधिकारियों को विशेषज्ञों ने युद्धाभ्यास के बारे में विस्तृत जानकारी दी। फील्ड में अभ्यास भी किया गया। सूत्रों का यह भी कहना है कि युद्धाभ्यास में हाथ से बनने वाले विस्फोटकों के तौर तरीकों का आदान-प्रदान भी होगा। जंगलों में छिपकर बैठे आतंकवादियों की खोज के तरीके भी सिखाए जाएंगे। इन सभी गतिविधियों में भारतीय सेना को सबसे अधिक जानकार माना जाता है।