टाइमलाइन

IND-PAK Tension Timeline: पहलगाम हमला फिर ऑपरेशन सिंदूर, पाकिस्तान के दुस्साहस पर भारत का पलटवार; अब सीजफायर

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ 7 मई को पाकिस्तान में चलाए गए भारत के ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे भारतीय सेनाओं ने पूरी तरह नाकाम कर दिया। लड़ाकू विमानों, ड्रोन, रॉकेट व मिसाइलों के जरिए पाकिस्तान ने जम्मू, पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर व जैसलमेर के सैन्य ठिकानों और आयुध केंद्रों पर हमला किया। पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों को निशाना बनाया। चार दिन तक चले संघर्ष के बाद बैकफुट पर आए पाकिस्तान ने भारत से सीजफायर की गुहार लगाई। भारत ने अपनी शर्तों पर संघर्ष विराम लागू करने पर सहमति जताई। आइए जानते हैं मामले की पूरी टाइमलाइन...
  • 22 अप्रैल 2025
    जम्मू-कश्मीर में पहलगाम की बायसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी। इसमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की थी। आतंकियों ने करीब 20 मिनट तक एके-47 से गोलीबारी की थी। 
  • 23 अप्रैल 2025
    पहलगाम हमले के बाद भारत ने 24 घंटे के अंदर ही पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की। सिंधु जल संधि से लेकर पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा राहत तक सभी को रोक दिया गया। भारत ने पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी रोक लगाई। व्यापार संबंधी पाबंदियां भी और सख्त कर दी गईं।
  • 28 अप्रैल 2025
    पहलगाम आतंकी हमले के बाद उकसाने वाली और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील सामग्री फैलाने के आरोप में भारत सरकार ने कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को ब्लॉक कर दिया है। इन चैनलों के कुल 6.3 करोड़ सब्सक्राइबर थे। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय की सिफारिश पर की गई। ब्लॉक किए गए चैनलों में पाकिस्तानी समाचार चैनल Dawn, Samaa TV, ARY News, Bol News, Raftar, Geo News और Suno News शामिल हैं। साथ ही पत्रकारों इर्शाद भट्टी, असमा शिराज़ी, उमर चीमा और मुनीब फारूक के यूट्यूब चैनल भी प्रतिबंधित कर दिए गए। इसके अलावा The Pakistan Reference, Samaa Sports, Uzair Cricket और Razi Naama जैसे अन्य प्लेटफॉर्म भी इस सूची में हैं।
  • 3 मई 2025
    पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया हुआ है। अब भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन बड़ी कार्रवाई की, जिसके तहत भारत ने पाकिस्तान से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी। साथ ही पाकिस्तान से आने वाले डाक-पार्सल पर भी रोक लगा दी गई है। भारत ने पाकिस्तान का झंडा लगे जहाजों को भी भारत के बंदरगाहों पर रुकने से रोक लगा दी।
  • 7 मई 2025
    पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है। प्रधानमंत्री ने इससे पहले पहलगाम हमले के मद्देनजर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के लक्ष्यों, तरीके और समय पर निर्णय लेने के लिए सशस्त्र बलों को पूरी स्वतंत्रता दी थी।
  • 8 मई 2025
    सरहद पर बीते 36 घंटे में तेजी से हालात बदले। पाकिस्तान जंग पर आमादा है। गुरुवार को दोपहर 2:34 बजे यह खुलासा हुआ कि पाकिस्तान ने बौखलाहट में भारत के 15 शहरों में स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे सेना ने नाकाम कर दिया। यही नहीं, पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर लाहौर में उसे काफी नुकसान पहुंचा। भारत ने लाहौर में पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उधर, पाकिस्तान ने भी कई दावे कर दिए। हालांकि, शाम 5:30 बजे विदेश मंत्रालय ने प्रेस ब्रीफिंग कर पाकिस्तान के कई झूठ को बेनकाब कर दिया। रात आठ बजे के बाद हालात तेजी से बदलते चले गए।

    कई शहरों में हमले की कोशिश हुई
    गुरुवार रात शुरुआती खबर जम्मू एयरपोर्ट से आई। यहां पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन हमलों की शुरुआत हुई। अचानक सायरन बजने लगे और ब्लैकआउट हो गया। भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। राजस्थान के जैसलमेर में पाकिस्तान ने ड्रोन से हमले किए। यहां भी वायु रक्षा प्रणाली ने सभी ड्रोन मार गिराए। जैसलमेर में सेना ने भारतीय सीमा में घुसे एक पाकिस्तानी पायलट को पकड़ा है। जम्मू, पठानकोट और उधमपुर को भी ड्रोन और मिसाइल से निशाना बनाने की कोशिश की गई।
  • आठ मिसाइलें इंटरसेप्ट हुईं
    पाकिस्तान की आठ मिसाइलों को भारतीय सेना ने इंटरसेप्ट किया। वायु रक्षा इकाइयों ने गुरुवार शाम रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सतवारी स्थित जम्मू हवाई अड्डे सहित जम्मू के सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर पाकिस्तान द्वारा दागी गई कम से कम आठ मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोका। मिसाइलों को सतवारी (जम्मू हवाई अड्डा), सांबा, आरएस पुरा और अरनिया सहित प्रमुख स्थानों पर रोका गया। सेना ने भारतीय सीमा के अंदर से एक पाकिस्तानी पायलट को कब्जे में लिया। पाकिस्तानी पायलट ने लड़ाकू विमान के साथ भारत की सीमा में प्रवेश किया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के लड़ाकू विमान को भारत ने मार गिराया।  
  • वायु सेना ने मार गिराया पाकिस्तानी जेट; नौशेरा में दो ड्रोन भी तबाह
    भारतीय वायु रक्षा बलों ने पठानकोट सेक्टर में पाकिस्तानी वायुसेना के एक जेट और नौशेरा सेक्टर में दो पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया है। रक्षा सूत्रों ने बताया कि भारतीय वायु रक्षा बलों ने पठानकोट सेक्टर में एक पाकिस्तानी वायुसेना के जेट को मार गिराया है। हालांकि इस बारे में अभी विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। वहीं, रक्षा सूत्रों ने यह भी बताया कि  जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में भारतीय सेना की वायु रक्षा इकाइयों ने दो पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। सेक्टर में दोनों पक्षों के बीच भारी गोलाबारी हुई।
  • पंजाब, राजस्थान, गुजरात के शहरों में ब्लैकआउट, स्कूल बंद रहेंगे
    भारत ने तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पंजाब, राजस्थान, गुजरात के कई शहरों में ब्लैक आउट कर दिया गया। इसके बाद साथ ही सीमावर्ती इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कई राज्यों में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं हैं। 
  • धर्मशाला में आईपीएल मैच रद्द
    भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के कारण धर्मशाला में खेला जा रहा पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला बीच में रोका गया और कुछ देर बाद ही इस रद्द करने का फैसला किया गया। 9:29 मिनट पर पहले मैदान की फ्लडलाइट बंद की गई थी। इसके बाद मैदान से खिलाड़ियों और दर्शकों को बाहर जाते देखा गया था। हालांकि, मैच अधिकारियों ने बिना देरी किए मैच को रद्द करने का फैसला किया। धर्मशाला में एहतियातन खिलाड़ियों और अंपायरों को मैदान से बाहर ले जाया गया और फिर फ्लड लाइट्स भी बंद कर दी गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मैच को रद्द किया गया। 
  • कई उड़ानें रद्द
    हालात को देखते हुए देश भर में एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके बाद एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। एयरलाइंस ने यात्रियों से तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचने के लिए कहा है। इसके अलावा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआई) एयरपोर्ट पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद से गुरुवार तक 135 उड़ानें रद्द की गई और 193 से ज्यादा उड़ानों में विलंब हुआ। गुरुवार को विभिन्न एयरलाइंस द्वारा 90 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें पांच अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान और छह अंतरराष्ट्रीय आगमन शामिल हैं।
  • 9 मई 2025
    हमने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया: विदेश सचिव
    विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान के नापाक चेहरे और इरादों का पर्दाफाश कर दिया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह 8 से 9 मई की रात की पाकिस्तान के हमलों की जानकारी दी। इस दौरान सबसे बड़ी खुलासा यह हुआ कि पाकिस्तान ने अतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर लेह से लेकर सरक्रीक तक 36 जगहों पर 300-400 ड्रोन से घुसपैठ की कोशिश की। ये ड्रोन तुर्किये के बताए जा रहे हैं। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने अमर उजाला के सवाल के जवाब में कहा कि भारत ने पाकिस्तान को जिम्मेदारीभरा और पर्याप्त तरीके से जवाब दिया है।

    इससे पहले रक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया कि कल रात पाकिस्तानी सेना ने भारतीय ठिकानों की ओर करीब 500 ड्रोन दागे, जिन्हें लद्दाख के सियाचिन बेस कैंप से लेकर गुजरात के कच्छ इलाके तक 24 जगहों पर देखा गया। इनमें से करीब 50 ड्रोन को एयर डिफेंस गन ने नष्ट कर दिया, जबकि करीब 20 को सॉफ्ट किल के जरिए मार गिराया गया। ज्यादातर ड्रोन हथियारों से लैस नहीं थे। ड्रोन में कैमरे लगे थे और संभवतः वे अपने ग्राउंड स्टेशनों पर फुटेज रिले कर रहे थे। भारतीय वायु रक्षा प्रणालियों ने लगभग सभी ड्रोन को मार गिराया, जो बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा सकते थे। 
  • पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार सुबह कुपवाड़ा, उरी में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी फिर से शुरू की गई। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए बीसीसीआई ने आईपीएल 2025 के आयोजन पर एक सप्ताह तक रोक लगा दी। मौजूदा हालात को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आपात बैठक बुलाई। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने प्रेस ब्रीफिंग में पाकिस्तान की नापाक हरकतों और भारत के पलटवार की जानकारी दी। रात आठ बजे के आसपास एक बार फिर पाकिस्तान ने ड्रोन हमलों की कोशिश की। पंजाब, राजस्थान, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सेना ने मार गिराए।
  • पाकिस्तान ने कल रात भारत के 26 शहरों पर हमला किया
    इससे पहले पाकिस्तान ने कल रात भारत के 26 शहरों पर हमला किया। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई की। LoC पर कई जगहों पर रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। मामले में आधिकारिक मीडिया ब्रीफिंग भी होनी थी। हालांकि, अब उसे आज सुबह बाद के समय के लिए स्थगित कर दिया गया है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) पर भारतीय शहरों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए ड्रोन हमलों के मद्देनजर भारतीय सेना जम्मू सेक्टर में जोरदार जवाबी कार्रवाई कर रही है।
  • देश के 32 एयरपोर्ट 15 मई तक बंद
    देशभर के हवाई अड्डों पर सुरक्षा इंतजाम और कड़े कर दिए गए हैं। इस बीच देश के 32 एयरपोर्ट 15 मई तक बंद कर दिए गए हैं। ये हवाई अड्डे 15 मई को सुबह 5.29 बजे तक बंद रहेंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह कदम उठाया गया है। हालांकि, कुछ हवाई अड्डों का संचालन सामान्य है, लेकिन हवाई क्षेत्र में लगी कुछ पाबंदियों के चलते कुछ उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और संबंधित विमानन प्राधिकरणों ने नोटम जारी किया है। इसमें उत्तरी और पश्चिमी भारत में 32 हवाईअड्डों को सभी नागरिक उड़ान संचालन के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की गई है। इन हवाई अड्डों में उधमपुर, अंबाला, अमृतसर, अवंतीपुर, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन और जम्मू और जैसलमेर, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर) और लेह शामिल हैं। इसके अलावा, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस और उत्तरलाई को भी बंद कर दिया गया है।
  • 10 मई 2025
    पाकिस्तानी चौकी और आतंकवादी लॉन्च पैड्स को नष्ट
    जम्मू के पास भारतीय सेना ने पाकिस्तानी चौकियों और आतंकवादी लॉन्च पैड्स को नष्ट कर दिया है। इन्हीं जगहों से ट्यूब लॉन्च ड्रोन के जरिए भारत में घुसपैठ कर कोशिशें की जा रही थीं। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान में कम से कम चार एयरबेसों को भारतीय हमलों का निशाना बनाया गया। इस बीच यह भी बताया गया कि श्रीनगर और आस-पास के इलाकों में पाकिस्तान के साथ भारी मुठभेड़ चल रही है। सेना ने इलाके में सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली सक्रिय कर दी है। 
  • सुबह 5 बजे अमृतसर के खासा कैंट के ऊपर हथियारबंद ड्रोन देखे गए
    रक्षा अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों और अन्य हथियारों के साथ हमारी पश्चिमी सीमाओं पर लगातार हमले जारी हैं। ऐसी ही एक घटना में आज सुबह लगभग 5 बजे अमृतसर के खासा कैंट के ऊपर दुश्मन के कई हथियारबंद ड्रोन उड़ते देखे गए। हमारी वायु रक्षा इकाइयों ने तुरंत ही दुश्मन के ड्रोनों पर हमला कर उन्हें नष्ट कर दिया
  • पाकिस्तान रेंजर्स की चौकियों और संपत्तियों को व्यापक नुकसान
    इस बीच बीएसएफ ने बताया कि 9 मई 2025 को रात लगभग 9 बजे पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के जम्मू सेक्टर में बीएसएफ चौकियों पर गोलीबारी की। बीएसएफ ने उचित तरीके से जवाब दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स की चौकियों और संपत्तियों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। भारत की संप्रभुता की रक्षा के लिए हमारा संकल्प अडिग है।
  • पाकिस्तान में भारत ने पांच खूंखार आतंकियों को मिट्टी में मिलाया
    भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। अब खबर आ रही है कि इसमें भारतीय सशस्त्र बलों ने पांच खूंखार आतंकियों को ढेर कर दिया है। जिन आतंकियों की सूची समने आई है, उसमें मसूद अजहर का बहनोई और उसके बीवी का भाई भी शामिल है। वह आईसी-814 अपहरण मामले में वांछित था।
  • भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम को संघर्ष विराम हो गया है। भारतीय सेना की ओर से दिए जा रहे मुंहतोड़ जवाब के चलते बैकफुट आए पाकिस्तान की पहल पर भारत संघर्ष विराम के लिए राजी हुआ है। दोनों देशों के बीच हुए संघर्ष विराम की पुष्टि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, 'पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) ने आज दोपहर 3:35 बजे भारतीय डीजीएमओ को फोन किया। उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 1700 बजे से ज़मीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को 1200 बजे फिर से बात करेंगे।'