फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IndiGo 6E2142 Turbulence: तृणमूल सांसद बोलीं- लगभग मौत जैसा एहसास... सुरक्षित लैंडिंग के लिए पायलट को सलाम

Thu, 22 May 2025 03:06 AM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

खराब मौसम के कारण श्रीनगर जा रही इंडिगो फ्लाइट में जोरदार झटके लगे, जिससे विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस विमान से श्रीनगर जा रहीं टीएमसी नेता सागरिका घोष ने इसे मौत जैसा अनुभव बताया। उन्होंने पायलट के सूझबूझ को सलाम किया, जिससे 220 यात्रियों की जान बाल-बाल बची।

विज्ञापन
टीएमसी नेता सागरिका घोष - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नई दिल्ली से श्रीनगर जाने वाली इंडिगो फ्लाइट बुधवार को खराब मौसम के चलते क्षतिग्रस्त हो गई। इस विमान में सवार तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की नेता सागरिका घोष ने इस खतरनाक हवाई अनुभव को मौत जैसा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगा कि जिंदगी अब खत्म हो जाएगी। लोग चिल्ला रहे थे, प्रार्थना कर रहे थे और घबरा गए थे। उन्होंने बताया कि पायलट ने स्थिति को देखते हुए श्रीनगर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को आपातकाल की सूचना दी। टीएमसी नेता घोष पार्टी के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ श्रीनगर जा रही इंडिगो फ्लाइट में सवार थीं, जिसे खराब मौसम के चलते तेज झटकों का सामना करना पड़ा।

विज्ञापन


'पायलट के साहस को सलाम'
टीएमसी नेता सागरिका ने बताया कि विमान के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि स्थिति खराब होने के बाद भी पायलट ने बड़े साहस से स्थिति को नियंत्रित किया। पायलट के साहस और कुशलता के लिए उसे सलाम, जिसके चलते उन्होंने विमान को सुरक्षित श्रीनगर में उतार दिया। बता दें कि विमान में कुल 220 लोग सवार थे, घटना के बाद सोशल मीडिया पर विमान के अंदर के वीडियो सामने आए, जिनमें यात्री घबराए हुए दिखाई दे रहे हैं और अपनी जान की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:- Delhi Rains: एक घंटे हवा में अटका रहा विमान, लगे झटके, डराती रही बादलों की गरज, यात्री ने बताया आंखों देखा हाल

विज्ञापन

टीएमसी प्रतिनिधिमंडल - फोटो : PTI
श्रीनगर के दौरे पर टीएमसी प्रतिनिधिमंडल
नई दिल्ली से श्रीनगर जा रही इस फ्लाइट में टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन, नदिमुल हक, माणिक भुनिया और ममता ठाकुर भी मौजूद थे। यह प्रतिनिधिमंडल 23 मई तक जम्मू-कश्मीर में रहेगा और श्रीनगर के अलावा पुंछ और राजौरी का भी दौरा करेगा। इस दौरे को लेकर टीएमसी ने बताया कि यह दौरा सीमा पार से हुए हमलों से प्रभावित परिवारों के प्रति एकजुटता जताने और पीड़ितों के दुख में शामिल होने के लिए किया जा रहा है।

यात्रियों ने बताया खतरनाक अनुभव
इस घटना को लेकर कुछ यात्रियों ने दावा किया कि विमान की आगे का हिस्सा और दाहिना हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि एयरलाइन की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। एक अन्य यात्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लैंडिंग से करीब 20-30 मिनट पहले सीट बेल्ट बांधने का एलान हुआ और फिर जोरदार झटके लगे। ऐसा लगा कि ये हमारी आखिरी फ्लाइट है।
 
ये भी पढ़ें:- IndiGo Emergency Landing: ओलावृष्टि से दिल्ली-श्रीनगर विमान का अगला हिस्सा टूटने पर आपात लैंडिंग; जांच के आदेश

इंडिगो ने जारी किया बयान
मामले में इंडिगो एयरलाइंस ने एक बयान में कहा कि फ्लाइट ने रास्ते में अचानक ओलावृष्टि का सामना किया और सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित उतारा गया। सभी यात्रियों की भलाई और आराम का विशेष ध्यान रखा गया। विमान को फिलहाल 'एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड' (एओजी) घोषित किया गया है, यानी तकनीकी जांच और मरम्मत तक उसे उड़ान के लिए उपयोग में नहीं लाया जाएगा।

विज्ञापन

क्षतिग्रस्त हुआ विमान - फोटो : अमर उजाला

खराब मौसम के चलते विमान क्षतिग्रस्त
गौरतलब है कि नई दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की एक उड़ान में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खराब मौसम के कारण उड़ान बीच हवा में हिचकोले खाने लगी। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित किया और श्रीनगर हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपात लैंडिंग की। इस उड़ान में 220 से ज्यादा यात्री सवार थे।

मामले में भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई2142 को ओलावृष्टि के कारण टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। टर्बुलेंस का मतलब हलचल से है। इस स्थिति में उड़ान हिचकोले खाने लगती है और ऐसे में कई बार उड़ान अपनी ऊंचाई से कुछ फीट नीचे भी आ जाती है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें