पाकिस्तान के एक शख्स ने अपनी भारतीय पत्नी से मिलने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के पास अपनी पत्नी उज्मा से मिलने की अपील लेकर पहुंचे ताहिर अली के मामले में सोमवार को सुनवाई होगी। ताहिर का कहना है कि वो उनकी पत्नी उनके बारे में सब जानती है और वो दोनों के बीच की गलतफहमियां दूर करना चाहते हैं।
दरअसल, उज्मा ने आरोप लगाया था कि ताहिर ने बंदूक की नोक पर उससे जबरन शादी की और फिर उसकी यौन शोषण किया। 20 वर्षीय उज्मा भारतीय उच्चायोग की शरण में ही रहती है और उसका कहना है कि वो वहां से सिर्फ भारत लौटने के लिए ही बाहर निकलेगी। हालांकि, ताहिर ने भारतीय उच्चायोग से कहा है कि वो उज्मा से बहुत प्यार करते हैं और दोनों के बीच की सारी गलतफहमियां दूर करना चाहते हैं।
साथ ही ताहिर ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की है कि इस मामले के निपटारे से पहले उज्मा के पाकिस्तान छोड़कर जाने पर रोक लगाई जाए। कोर्ट में सुनवाई सोमवार को होगी। अली ने आरोप लगाया कि भारतीय उच्चायोग और उज्मा का भाई वसीम, दोनों के बीच दरार पैदा कर रहे हैं। उसका कहना है, "उच्चायोग जाने के बाद सबकुछ बदल गया है। इससे पहले हम खुशी से जिंदगी जी रहे थे।"