कच्चे तेल की बढ़ती महंगाई के बीच रुपये ने मंगलवार को भी डॉलर के मुकाबले नया रिकॉर्ड निचला स्तर छुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय (फॉरेक्स) बाजार में सुबह के कारोबार में मजबूती के साथ खुलने के बाद भी रुपये ने दोपहर बाद के कारोबार में डॉलर की मजबूती के कारण अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 28 पैसे कमजोर होकर 72.73 का नया निचला स्तर छू लिया। कच्चा तेल प्रति बैरल 78 डॉलर के स्तर को पार कर चुका है।
मुद्रा बाजार के एक कारोबारी ने कहा कि विदेशी पूंजी के लगातार देश से बाहर निकलने और घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट का भी देश की मुद्रा पर दबाव रहा। बैंकों और निर्यातकों द्वारा अमेरिकी मुद्रा की बिकवाली करने से रुपया सुबह के कारोबार में डॉलर के मुकाबले 20 पैसे की मजबूती के साथ 72.25 पर खुला था।
हालांकि रुपया दोपहर बाद अपनी मजबूती को कायम रख पाने में नाकाम रहा। सोमवार को रुपया डॉलर के मुकाबले गिरावट के साथ 72.45 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था और इसने 72.67 का रिकॉर्ड निचला स्तर भी छुआ था।