दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ी हुई नजर आ रही है। स्टेशनों पर बढ़ती हुई भीड़ से खड़ी होने वाली परेशानियों से निपटने के लिए भारतीय रेलवे ने स्टेशनों पर भीड़ को कंट्रोल और रेगुलेट करने के लिए कई उपाय किए हैं। रेल मंत्रालय का कहना है कि जहां तक संभव हो, ट्रेनों को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबरों की सूचना पहले से दी जाएगी। एन वक्त पर किसी भी ट्रेन के प्लेटफार्म नहीं बदले जाएंगे। स्पेशल ट्रेनों सहित सभी रेकों को निर्धारित प्रस्थान से कम से कम 30 मिनट पहले प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा।
मंत्रालय ने आगे कहा कि एक डेडिकेटेड व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से नियमित निगरानी की जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर सभी एस्केलेटर ठीक किए गए हैं ताकि यात्रियों को कोई दिक्कत नहीं हो। टर्मिनल स्टेशनों पर ऑपरेशंस, कमर्शियल, मैकेनिकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, आरपीएफ और मेडिकल के कर्मचारियों के साथ मिनी कंट्रोल रूम (06.00 बजे से 24.00 बजे तक) बनाए गए हैं। रेलवे के बनाए मिनी-कंट्रोल रूम में टेलीफोन, ट्रेन की जानकारी, पैनल रूम कनेक्टिविटी, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया के सीसीटीवी फीड जैसी सुविधाएं हैं।
यात्रियों को स्टेशन पर परेशानी नहीं हो, इसलिए उचित ट्रेन इन्क्वारी सिस्टम और अनाउंसमेंट सिस्टम को बेहतर किया गया हैं। इसके अलावा सभी ट्रेन इनफॉर्मेशन बोर्ड लगाए गए हैं, जो अपडेटेड जानकारी दिखाएंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों के पास रेलवे अस्पतालों और डिस्पेंसरी को स्टेशनों पर किसी भी संभावित अप्रिय घटना के मामले में तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। डॉक्टर की पोस्टिंग 06.00 बजे से 24.00 बजे तक रहेगी। टर्मिनल स्टेशनों के साथ-साथ सभी प्रमुख स्टेशनों पर डॉक्टर 24 घंटे शॉर्ट नोटिस पर उपलब्ध रहेंगे।