भारतीय रेलवे में सफर करने वाले बुजुर्गों को ट्रेन किराए में रियायत देने की मांग लंबे समय से उठ रही है। लेकिन रेल मंत्रालय ने संसद में बताया है कि ट्रेन किराए में रियायत को छोड़कर रेलवे वरिष्ठ नागरिकों को कई प्रकार की सुविधाएं प्रदान कर रहा है। संसद में एक प्रश्न के जवाब में रेल मंत्रालय ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक यात्रियों को आरामदायक रेल यात्रा प्रदान करने के लिए रेलवे ने कोचों में निचली बर्थों के आरक्षण और अलग आरक्षण केंद्र सहित कई सुविधाएं देने की दिशा में कई कदम उठाए हैं।
आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2024-25 के दौरान बीते दिसंबर तक वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लगभग 2357.8 करोड़ यात्रियों ने भारतीय रेलवे में यात्रा की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में जानकारी देते हुए कहा कि रेलवे ने वरिष्ठ नागरिकों और 45 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिला यात्रियों को भले ही उन्होंने कोई विकल्प न दिया गया हो स्वचालित रूप से निचली बर्थ आवंटित करने का प्रावधान किया है। हालांकि यह बुकिंग के समय स्थान की उपलब्धता के अधीन होता है ताकि उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा प्रदान की जा सके।
रेल मंत्री वैष्णव ने कहा, वरिष्ठ नागरिकों में 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिला यात्रियों और गर्भवती महिलाओं के लिए स्लीपर श्रेणी में प्रत्येक कोच में छह से सात निचली बर्थ, वातानुकूलित 3 टियर (3 एसी) में प्रत्येक कोच में चार से पांच निचली बर्थ और वातानुकूलित 2 टियर (2 एसी) श्रेणियों में प्रत्येक कोच में तीन से चार निचली बर्थ (ट्रेन में उस श्रेणी के डिब्बों की संख्या के आधार पर) का संयुक्त आरक्षण कोटा निर्धारित करना, वरिष्ठ नागरिकों, विकलांग व्यक्तियों या गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर ट्रेन में खाली होने वाली निचली बर्थ का आवंटन, रेलवे के उपनगरीय खंडों पर द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे में वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि रेलवे समाज के सभी वर्गों को सस्ती सेवाएं प्रदान करने का प्रयास करता है। 2022-23 में यात्री टिकटों पर 56,993 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी है। भारतीय रेलवे में यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को औसतन 46 प्रतिशत की रियायत दी जाती है।
रेलवे का कहना है कि कि रेलवे वरिष्ठ नागरिकों से प्राप्त आरक्षण संबंधी अनुरोधों के निपटान के लिए विभिन्न यात्री आरक्षण प्रणाली केन्द्रों पर अलग-अलग काउंटर उपलब्ध करा रहा है, जो मांग के स्वरूप और काउंटरों की उपलब्धता पर निर्भर है। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार यात्रियों और गर्भवती महिलाओं के लिए कुछ महत्वपूर्ण स्टेशनों पर बैटरी चालित वाहनों का प्रावधान शुरू किया गया है। रेलवे स्टेशनों पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए व्हील चेयर उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा, विभिन्न स्टेशनों पर रैंप, लिफ्ट, एस्केलेटर के अलावा आई हेल्प बूथ आदि का प्रावधान किया गया है।
संबंधित वीडियो-