भारतीय रेलवे अब रेलवे स्टेशनों पर फेंकी जाने वाली बोतलों को रिसाइकल करके टीशर्ट और कैप बनाने की तैयारी में है। इसके लिए एक स्टार्टअप कंपनी बायोक्रश के साथ टाईअप किया गया है। भारतीय रेलवे ने बिहार के पटना स्टेशन पर इसका सफल प्रयोग भी कर लिया है। पटना स्टेशन पर मशीन लगाई गई है, जिसमें बोतल डालने पर 5 रुपये का कैश बैक मिलता है। कैश बैक के लिए डोमिनोज और पेटीएम के साथ टाईअप किया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया है कि पटना, राजेंद्र नगर और दानापुर में बोतल क्रश मशीन लगाई है। पटना स्टेशन से रोजाना करीब 300 बोतलों को क्रश किया जाता है। अब रेलवे इस मॉडल को देश के 2250 स्टेशनों पर लागू करने की तैयारी में है। इसके हिसाब से 2250 स्टेशनों में रोजाना 7 लाख बोतलें क्रश होंगी। बायोक्रश कंपनी के सीईओ अजय मिश्रा ने बताया कि रिसाइकिल कर बनाई गई टीशर्ट सामान्य टीशर्ट से ज्यादा टिकाऊ होगी। एक टीशर्ट तैयार करने में लगभग 12 बोतलों का प्रयोग किया जाता है।