ट्रेन में सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आईआरसीटीसी लगातार कोशिशों में जुटा हुआ हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए आईआरसीटीसी हर बार नए पैकेज की शुरू करता है। इसी कड़ी में अब एक अलग तरह के पैकेज की शुरुआत करने जा रहा है। कंपनी पहली बार ऑनलाइन मेडिकल टूरिज्म पैकेज लेकर आई है।
आईआरसीटीसी ने मेडिको-टेक्निकल ऑनलाइन सर्विस कंपनी के साथ पायलट बेसिस पर पार्टनरशिप की है, जो विभिन्न मेडिकल और वेलनेस पैकेज के साथ-साथ ग्राहकों को कंप्लीट बैक-एंड सेवाएं प्रदान करेगा। ग्राहक IRCTC के वेलनेस पैकेज का फायदा उठा सकते हैं। इन पैकेज में मेडिकल वैल्यू, कंप्लीट एक्सपीरिएंस और ट्रैवल का ध्यान रखा गया है। आईआरसीटीसी के इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले ग्राहकों को आईआरसीटीसी के पर्यटन पोर्टल पर जाना होगा।
वहां www.irctctourism.com/MedicalTourism पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद इलाज के लिए अपनी जरूरतों की जानकारी देनी होगी और एक फॉर्म भरना होगा। इसके बाद IRCTC की टीम आपको कॉल करेगी। सुविधा और बजट के मुताबिक बीमारी के लिए इलाज के विकल्प बताएगी। इसके बाद ग्राहकों के लिए बैक-एंड व्यवस्थाओं को संभालने के साथ-साथ इलाज में मदद की जाएगी।
भारत मेडिकल वैल्यू ट्रैवल के लिए एशिया में सबसे अधिक मांग वाले डेस्टिनेशन में से एक है। देश ने पिछले कुछ दशकों में आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में काफी प्रगति की है और समग्र स्वास्थ्य के लिए एक मजबूत इको-सिस्टम बनाया है, जो आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था देखभाल, उसके वैकल्पिक चिकित्सा को एक साथ जोड़ता है।