भारतीय रेलवे ने बनाया नया फॉर्मूला
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
भारतीय रेलवे माल ढुलाई से होने वाली कमाई बढ़ाने के लिए नई वस्तुओं को भी अपनी सुधार योजना में शामिल करने पर विचार कर रहा है। इसके लिए 400 नई वस्तुओं को माल ढुलाई सुधार योजना में शामिल करने की तैयारी है। इनमें चूना पत्थर, रेत, डोलोमाइट और जिप्सम जैसी वस्तुएं शामिल हैं। रेल मंत्री के अनुसार, अलग-अलग वस्तुओं की जरूरत के हिसाब से उनकी ढुलाई व्यवस्था तैयार की जा रही है।
रेलवे अब तक 120 वस्तुओं के लिए ऐसे बदलाव कर चुका है। इनमें नमक, सीमेंट, फ्लाई ऐश, कार, अनाज, खाद और पेट्रोलियम उत्पाद शामिल हैं। इन वस्तुओं की ढुलाई के तरीके में बदलाव से रास्ते में होने वाली बर्बादी और नुकसान कम हुआ है। खासकर सीमेंट, खाद और अनाज की ढुलाई में इसका फायदा मिला है। रेल मंत्री के मुताबिक, सीमेंट की ढुलाई बेहतर होने से मकान निर्माण की लागत घटाने में भी मदद मिल सकती है। इन बदलावों का असर रेलवे की कमाई पर भी दिखा है। मंत्री ने बताया कि चालू साल में इन सुधारों से रेलवे को 1,078 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हुई है।
कोयले पर निर्भरता घटाने की कोशिश
रेलवे अब माल ढुलाई में दूसरी वस्तुओं की हिस्सेदारी बढ़ाना चाहता है। इसके लिए हर तरह के सामान को एक ही तरीके से ढोने के बजाय उसकी प्रकृति और जरूरत के अनुसार व्यवस्था बनाई जाएगी। अगले चरण में डोलोमाइट, जिप्सम और मिट्टी समेत कई खनिजों को शामिल किया जाएगा। खाद्यान्न और उर्वरकों को कंटेनर के जरिये पहुंचाने पर भी जोर है। इससे परिवहन के दौरान सामान खराब होने और नुकसान की आशंका कम होगी। रेलवे का मानना है कि इन बदलावों से माल ढुलाई अधिक आसान और किफायती होगी। साथ ही कोयले जैसी कुछ चुनिंदा वस्तुओं से होने वाली कमाई पर निर्भरता भी घटेगी।
रेलवे ने जनवरी से अब तक यात्री सुविधाओं और कामकाज से जुड़े 59 सुधार किए हैं। ट्रेनों के जैव शौचालयों के पहले कक्ष की सफाई के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ पर नजर रखने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निगरानी व्यवस्था विकसित की गई है। इसके अलावा मालगाड़ियों के वैगन और यात्री डिब्बों की जांच व्यवस्था में भी तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। रेलवे पटरियों के जरूरी हिस्सों को बेहतर बनाने और यात्री आरक्षण प्रणाली को आधुनिक करने का काम भी जारी है।