भारतीय रेलवे ने AC/2 के कोच को धीरे-धीरे हटाने का फैसला किया है, इसकी जगह AC/3 के कोचों को बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा रेलवे नॉन AC स्लीपर कोच की संख्या घटा कर इसकी जगह AC/3 के कोचों को बढ़ाने पर विचार कर रही है।
ये भी पढ़ें- नए नियम लागू, अब इन 10 कामों के लिए अनिवार्य होगा आधार कार्ड
न्यूज एजेंसी यूनीवार्ता के अनुसार रेलवे की 13 हजार पैसेंजर ट्रेनों में से AC/2 कोच को धीरे-धीरे कम करके खत्म कर दिया जाएगा। इसके अलावा -जिन पैसेंजर ट्रेनों में 20 से 22 कोच लगते हैं उन्हें बढ़ाकर 24 कर दिया जाएगा। लेकिन जिन कोचों को बढ़ाया जाएगा वो कोच AC/3 के ही होंगे। रेलवे का तर्क है कि अब यात्री AC/3 कोच से यात्रा करना ज्यादा पसंद करने लगे हैं। ऐसा करने से रेलवे को फायदा होगा।
रेलवे ने इस बात की तरफ भी संकेत दिये हैं कि यात्रियों के विरोध के कारण 143 ट्रेनों में फ्लैक्सी किराए को भी वापस लिया जा सकता है लेकिन इसकी जगह बेसिक फेयर में बढ़ोत्तरी हो सकती है। इसमें करीब 10 से 15 फीसदी का इजाफा हो सकता है।
ये भी पढ़ें- वाहवाही लूटने के चक्कर में ‘प्रभु’ की फजीहत, ट्विटर अकाउंट से वायरल हुई गलत खबर
गौरतलब है कि फ्लैक्सी फेयर में कम होती सीटों के साथ किराया बढ़ता जाता है। रेलवे ने इसकी शुरुआत पिछले साल सितंबर में की थी। इसे एयरलाइंस की तर्ज पर शुरू किया गया था।
इसके अलावा रेलवे द्वारा मंथली सीजनल टिकट का किराया भी बढ़ाया जा सकता है। ट्रेन के लेट होने पर इसकी सूचना यात्रियों को एसएमएस के जरिए दी जाएगी। इसके अलावा जल्द ही टिकट कैंसिल करने के नियमों में भी फेरबदल देखा जा सकता है।