भारत बांग्लादेश को सौंपेगा 20 यात्री कोचों की पहली खेप
- फोटो : Indian Railway
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के कोच अब एक बार फिर बांग्लादेश की रेल पटरियों पर दौड़ने की तैयारी में हैं। रेलवे की पीएसयू राइट्स लिमिटेड अगले दो महीनों में बांग्लादेश रेलवे को 20 यात्री कोचों की पहली खेप सौंपेगी। यह डिलीवरी भारत और बांग्लादेश के बीच हुए 200 आधुनिक कोचों के बड़े निर्यात समझौते का हिस्सा है।
हाल ही में बांग्लादेश के रेल मंत्री शेख रबीउल आलम ने जानकारी दी थी कि, बांग्लादेश भारतीय कंपनी से 200 ब्रॉड गेज यात्री कोच खरीदेगा। योजना के अनुसार जून 2026 से दिसंबर 2027 के बीच इन सभी कोचों को चरणबद्ध तरीके से बांग्लादेश रेलवे के बेड़े में शामिल किया जाएगा।
इससे पूर्व भी पीएसयू राइट्स बांग्लादेश रेलवे को 120 ब्रॉड गेज एलएचबी यात्री कोच, 36 ब्रॉड गेज लोकोमोटिव और 10 मीटर गेज लोकोमोटिव की आपूर्ति कर चुकी है। इसके अलावा कंपनी ने बांग्लादेश में कई रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं में भी सहयोग किया है।
कंपनी का कहना है कि, बांग्लादेश को 200 कोचों की आपूर्ति राइट्स की निर्यात रणनीति का अहम हिस्सा है। यह परियोजना तय समय के अनुसार आगे बढ़ रही है और अगले दो महीनों के भीतर 20 कोचों वाली पहली रैक बांग्लादेश रेलवे को सौंप दिए जाने की उम्मीद है। कोचों के प्रोटोटाइप को मंजूरी मिल चुकी है। फिलहाल कोचों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पहली रैक की डिलीवरी के बाद चालू वित्त वर्ष में कम से कम तीन से चार और रैक की आपूर्ति करने का लक्ष्य है। साथ ही उत्पादन की रफ्तार भी बढ़ाई जाएगी, जिससे बांग्लादेश को कोचों की आपूर्ति तेज गति से की जा सकेगी।