मुंबई हमलों के गुनाहगार दाऊद इब्राहिम के करांची स्थित आवास से महाराष्ट्र के कई रसूखदार नेताओं को अक्सर फोन आता है। इंडिया टुडे ने दाऊद के करांची स्थित आवास पर दर्ज चार लैंडलाइन नंबरों की कॉल डिटेल के आधार पर दावा किया है कि दाऊद महाराष्ट्र के कई नेताओं को फोन किया करता है।
इंडिया टुडे को कॉल डिटेल का रिकॉर्ड वडोदरा के दो 'एथिकल' हैकर्स मनीष भांगले और उसके सहयोगी जयेश शाह ने उपलब्ध कराया। उन्होंने 7 महीने की अवधि 5 सितंबर, 2015 से 5 अप्रैल, 2016 का रिकॉर्ड दिया है। इंडिया टुडे ने दावा किया है कि खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी माना है कि कॉल डिटेल्स में दिए गए नंबर वही हैं, जिन्हें दाऊद और उसके परिवार के सदस्य इस्तेमाल करते हैं।
कॉल डिटेल्स से ये जाहिर हो रहा है कि करांची में बैठकर दाऊद के परिवार के कई सदस्य कुछ नंबरों पर भारत में लगातार फोन किया करते हैं। इंडिया टुडे के मुताबिक, जिन नंबरों पर दाऊद की ओर से लगातार फोन आता है उनमें कई जानेमाने राजनीतिज्ञ भी शामिल हैं। जिन चार नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली गई है, वे पाकिस्तान टेलिकम्यूनिकेशन कंपनी लिमिटेड (PTCL) के हैं। PTCL पाकिस्तान की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है।