लंदन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अनिल बासु।
- फोटो : Social Media
ब्रिटेन में जल्द ही एक भारतवंशी पुलिस अधिकारी को लंदन के पुलिस कमिश्नर का पद मिल सकता है। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो लंदन पुलिस में एशियाई मूल के सबसे वरिष्ठ अफसर अनिल कांती नील बासु लंदन मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नर पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। माना जा रहा है कि बासु को लंदन की पूर्व पुलिस कमिश्नर क्रेसिडा डिक की जगह जल्द ही यह पद सौंपा जा सकता है।
क्रेसिडा ब्रिटेन के सबसे बड़े पुलिसबल का नेतृत्व करने वाली पहली महिला रहीं। हालांकि, लंदन पुलिस पर दबंगई, स्त्री द्वेष और नस्लभेद के आरोपों के सामने आने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से लंदन पुलिस कमिश्नर का पद खाली पड़ा है। अब इस पद की रेस में 53 वर्षीय नील बासु को सबसे आगे माना जा रहा है।
बासु फिलहाल लंदन मेट्रोपोलिटन पुलिस में सहायक कमिश्नर (अभियान विशेषज्ञ) के पद पर तैनात हैं। उनके पिता, जो कि एक सर्जन थे, 1960 के दशक में लंदन में बस गए थे। यहीं उन्होंने वेल्स से आने वाली एक नर्स से शादी की थी। अनिल का जन्म ब्रिटेन में ही 1968 में हुआ था।
नील ने नॉटिंघम यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन की पढ़ाई की है। वे 1992 में पुलिसबल में शामिल हुए थे और जल्द ही उन्हें आतंकरोधी और अभियान विशेषज्ञ दल का प्रमुख बना दिया गया। बाद में उन्होंने ब्रिटेन के पुलिस कॉलेज में निदेशक का पद संभाला। बताया जाता है कि दो साल पहले लंदन के पुल पर हुए चाकूबाजी कांड में बासु ने ही पुलिस की टीम का नेतृत्व किया था और आतंकी उस्मान खान को दबोच लिया था। इस घटना में आतंकी की मौत हो गई थी। इससे पहले बासु बचपन में ब्रिटेन में जारी नस्लभेद को लेकर कई बार बोल चुके हैं।