पाकिस्तान ने करतारपुर कॉरिडोर के संचालन पर शर्तों का अड़ंगा लगाना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पड़ोसी ने भारतीय श्रद्धालुओं को विशेष परमिट से प्रवेश और फीस वसूलने की शर्त रखी है। साथ ही कॉरिडोर को सालभर खोलने और श्रद्धालुओं की तादाद पर भारत के प्रस्ताव का विरोध किया है।
भारत चाहता है कि 5,000 श्रद्धालु रोजाना दर्शन करें लेकिन पाक ने कहा कि 700 से ज्यादा श्रद्धालुओं को अनुमति नहीं दी जाएगी। बैसाखी, गुरुपूर्णिमा जैसे खास दिन पर भारत के 10,000 यात्रियों को प्रवेश देने के प्रस्ताव पर भी उसने अभी तक जवाब नहीं दिया है। सूत्रों ने बताया कि भारत ने सभी भारतीय नागरिक और ओआईसी कार्डधारकों को दर्शन की मांग रखी है, वहीं पाक केवल भारतीय नागरिकों को ही अनुमति देने को तैयार है।
रावी नदी पर पुल बनाने के प्रस्ताव पर भी पाकिस्तान सहमत नहीं हुआ। एक अधिकारी के मुताबिक भारत की ओर से करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर 45 फीसदी काम पूरा हो गया है। पसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग (पीटीबी) और 4.20 किमी. लंबे चार लेन के हाईवे पर तेजी से काम चल रहा है। हाईवे का कार्य 30 सितंबर तक पूरा हो जाएगा। पीटीबी को दस हजार श्रद्धालुओं की क्षमता के हिसाब से डिजाइन किया गया है।