फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारतीय नौसेना होगी और ताकतवर: दुश्मनों के लिए काल बराक-1 का होगा आधुनिकीकरण, इस्राइल से 1976 करोड़ का समझौता

Thu, 19 Nov 2026 06:07 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

भारतीय नौसेना के युद्धपोतों की हवाई सुरक्षा मजबूत करने के लिए भारत ने इस्राइल के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये का समझौता किया है। इसके तहत बराक-1 मिसाइल सिस्टम का आधुनिकीकरण होगा। यह मिसाइल 12 किलोमीटर तक हवाई लक्ष्यों को निशाना बना सकती है। आखिर इस अपग्रेड से नौसेना को क्या फायदा होगा? बराक-1 की जगह आने वाली स्वदेशी वीएल-एसआरएसएएम कितनी अहम होगी? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
बराक मिसाइल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय नौसेना के युद्धपोतों को हवाई हमलों से बचाने की क्षमता और मजबूत करने की तैयारी है। इसके लिए भारत ने इस्राइल के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये का रक्षा समझौता किया है। इस करार के तहत युद्धपोतों पर तैनात बराक-1 प्वाइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम का आधुनिकीकरण किया जाएगा। मिसाइल प्रणाली के पुराने उपकरणों को बदला जाएगा और उसके हार्डवेयर तथा सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया जाएगा। इससे नौसेना के युद्धपोतों की हवाई सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। खास बात यह है कि बराक-1 की मारक क्षमता करीब 12 किलोमीटर है और यह लड़ाकू विमानों से लेकर ड्रोन तक को निशाना बना सकती है।

विज्ञापन


इस्राइल के साथ 1976 करोड़ रुपये की डील में क्या होगा?
रक्षा मंत्रालय ने इस्राइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये का समझौता किया है। नई दिल्ली में हुए इस करार पर रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य भारतीय नौसेना के युद्धपोतों पर लगे बराक प्वाइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम को आधुनिक बनाना है। इसके तहत मिसाइल प्रणाली के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में व्यापक बदलाव किए जाएंगे। साथ ही ऐसे पुराने उपकरणों को भी बदला जाएगा, जो अब उपलब्ध नहीं हैं। इससे मौजूदा मिसाइल प्रणाली को बेहतर तरीके से काम करने लायक बनाए रखने में मदद मिलेगी।

बराक-1 मिसाइल किन हवाई खतरों को कर सकती है नष्ट?
बराक-1 इस्राइल में विकसित कम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है। इसका इस्तेमाल युद्धपोतों को दुश्मन के हवाई हमलों से बचाने के लिए किया जाता है। आइए, जानते हैं कि इसकी प्रमुख विशेषताएं क्या हैं...

  • मारक क्षमता: लगभग 500 मीटर से 12 किलोमीटर तक।
  • अधिकतम गति: मैक 2.1 यानी आवाज की गति से लगभग 2.1 गुना।
  • लॉन्च सिस्टम: वर्टिकल लॉन्च तकनीक से मिसाइल को सीधे ऊपर की दिशा में दागा जाता है।
  • लॉन्च मॉड्यूल: आमतौर पर एक मॉड्यूल में आठ मिसाइलें होती हैं।
  • निशाने: दुश्मन के लड़ाकू विमान, एंटी-शिप मिसाइल, कम ऊंचाई पर उड़ने वाली सी-स्किमिंग मिसाइल और ड्रोन।

विज्ञापन

वर्टिकल लॉन्च तकनीक से कैसे मिलता है फायदा?
बराक-1 की सबसे बड़ी खासियत इसका वर्टिकल लॉन्च सिस्टम है। इसमें मिसाइल को किसी एक निश्चित दिशा में पहले से घुमाने की जरूरत नहीं होती। इसे सीधे ऊपर की ओर दागा जाता है और फिर आने वाले हवाई खतरे की दिशा में मोड़ा जा सकता है। इससे युद्धपोत के किसी भी तरफ से आने वाले हमले का जवाब देना संभव होता है। इसकी गाइडेंस के लिए कमांड-टू-लाइन-ऑफ-साइट तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इस तकनीक के जरिए मिसाइल को लक्ष्य तक पहुंचने के दौरान निर्देश दिए जाते हैं। इससे युद्धपोतों को अलग-अलग दिशाओं से आने वाले हवाई खतरों से बचाने में मदद मिलती है।

बराक-1 की जगह कौन-सी स्वदेशी मिसाइल लेगी?
बराक-1 के आधुनिकीकरण के साथ भारत इसकी जगह स्वदेशी मिसाइल प्रणाली लाने की दिशा में भी काम कर रहा है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) वर्टिकल लॉन्च शॉर्ट रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल (वीएल-एसआरएसएएम) विकसित कर रहा है। यह स्वदेशी प्रणाली भविष्य में बराक-1 की जगह लेगी। यानी फिलहाल इस्राइल के साथ समझौते के जरिए मौजूदा बराक-1 प्रणाली को आधुनिक बनाया जाएगा, जबकि आगे चलकर उसकी जगह भारतीय तकनीक से विकसित मिसाइल तैनात करने की योजना है। इससे नौसेना की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने के साथ स्वदेशी रक्षा तकनीक को भी बढ़ावा मिलेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें