फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

समुद्र में बढ़ी भारत की ताकत: नौसेना को मिला आईएनएस विंध्यगिरि, ब्रह्मोस और बराक-8 मिसाइलों से लैस है युद्धपोत

Sat, 28 Nov 2026 12:24 AM IST
देवेश त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय नौसेना को प्रोजेक्ट 17ए के तहत निर्मित सातवां और आखिरी स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस विंध्यगिरि मिल गया है। कोलकाता की सरकारी शिपयार्ड कंपनी गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) ने शुक्रवार को इसे नौसेना को सौंपा।
विज्ञापन
आईएनएस विंध्यगिरि - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत में एक और अत्याधुनिक युद्धपोत शामिल हो गया है। कोलकाता स्थित सरकारी रक्षा कंपनी गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) ने शुक्रवार को प्रोजेक्ट 17ए का आखिरी स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस विंध्यगिरि नौसेना को सौंप दिया। इसके साथ ही इस परियोजना के तहत बनाए जाने वाले सभी सात युद्धपोतों की डिलीवरी पूरी हो गई है।
विज्ञापन


करीब 45 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली प्रोजेक्ट 17ए योजना के तहत दो शिपयार्ड में सात युद्धपोत बनाए गए। इनमें से चार युद्धपोत मुंबई स्थित मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स (एमडीएल) और तीन जीआरएसई ने तैयार किए हैं।

23 महीने में मिले सभी सात युद्धपोत
मझगांव डॉक पहले ही आईएनएस नीलगिरि, आईएनएस उदयगिरि, आईएनएस तारागिरि और आईएनएस महेंद्रगिरि नौसेना को सौंप चुका है। वहीं, जीआरएसई ने आईएनएस हिमगिरि, आईएनएस दुनागिरि और आईएनएस विंध्यगिरि की डिलीवरी पूरी कर दी है।
विज्ञापन


प्रोजेक्ट 17ए के सभी सात फ्रिगेट पहले युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि की डिलीवरी के 23 महीने के भीतर नौसेना को मिल गए हैं। आईएनएस नीलगिरि 20 दिसंबर 2024 को नौसेना को सौंपा गया था। आईएनएस विंध्यगिरि को पूर्वी नौसेना कमान मुख्यालय के रियर एडमिरल आरएस धालीवाल ने औपचारिक रूप से स्वीकार किया।

अब प्रोजेक्ट 17बी की तैयारी
प्रोजेक्ट 17ए के बाद भारतीय नौसेना अब प्रोजेक्ट 17बी स्टील्थ फ्रिगेट योजना पर काम कर रही है। इसके तहत अगली पीढ़ी के सात गाइडेड मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट बनाए जाने हैं। इन युद्धपोतों के निर्माण की जिम्मेदारी दो भारतीय शिपयार्ड को प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के जरिए दी जाएगी।

सूत्र के मुताबिक, नौसेना ने चयनित शिपयार्ड को प्रस्ताव के लिए अनुरोध (आरएफपी) जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। इस परियोजना का अनुबंध 2028 में होने की संभावना है।

ब्रह्मोस और बराक-8 मिसाइलों से लैस है विंध्यगिरि
आईएनएस विंध्यगिरि में ब्रह्मोस एंटी-शिप और जमीन पर हमला करने वाली क्रूज मिसाइलें लगाई गई हैं। इसके अलावा यह बराक-8 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइलों से भी लैस है। इससे युद्धपोत की समुद्री और हवाई खतरों से निपटने की क्षमता बढ़ती है।

युद्धपोत में डीजल इंजन और गैस टर्बाइन का संयोजन इस्तेमाल किया गया है। इसमें आधुनिक एईएसए रडार और अत्याधुनिक युद्ध प्रबंधन प्रणाली भी लगी है। यह हवाई हमले, सतह पर मौजूद दुश्मन के जहाजों और पनडुब्बियों के खिलाफ अभियान चलाने में सक्षम है।

149 मीटर लंबा और 6,670 टन वजनी युद्धपोत
आईएनएस विंध्यगिरि 149 मीटर लंबा और 6,670 टन वजनी है। इसमें 225 नौसैनिकों के रहने की व्यवस्था है। साथ ही हेलीकॉप्टरों के संचालन के लिए पूरी विमानन सुविधा भी मौजूद है। कर्नाटक की विंध्यगिरि पर्वत शृंखला के नाम पर रखे गए इस युद्धपोत का पुराने आईएनएस विंध्यगिरि से भी संबंध है। पुराना युद्धपोत लियेंडर श्रेणी का फ्रिगेट था, जिसने आठ जुलाई 1981 से 11 जून 2012 तक भारतीय नौसेना में 31 साल सेवा दी थी।

नौसेना के मुताबिक, यह युद्धपोत डिजाइन, स्टील्थ तकनीक, मारक क्षमता, स्वचालन और युद्ध के दौरान सुरक्षित रहने की क्षमता के लिहाज से बड़ी उपलब्धि है। इसका डिजाइन नौसेना के वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो ने तैयार किया है और निर्माण प्रक्रिया की निगरानी वॉरशिप ओवरसीइंग टीम, कोलकाता ने की है।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का प्रतीक
जीआरएसई के मुताबिक, आईएनएस विंध्यगिरि उसके शिपयार्ड में बना और नौसेना को सौंपा गया 811वां पोत है। यह उसके इतिहास का 121वां युद्धपोत भी है। इस युद्धपोत का शुभारंभ 17 अगस्त 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था। कंपनी के अनुसार, जीआरएसई ने अब तक 800 से अधिक पोत बनाए हैं। इनमें भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और मित्र देशों के लिए तैयार किए गए युद्धपोत भी शामिल हैं।

फिलहाल जीआरएसई 11 प्रमुख नौसैनिक प्लेटफॉर्म के निर्माण में जुटी है। इनमें दो पनडुब्बी रोधी उथले पानी के पोत, चार अगली पीढ़ी के अपतटीय गश्ती पोत और पांच अगली पीढ़ी के कॉर्वेट शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी 36 अन्य पोत भी बना रही है, जिनमें 13 निर्यात के लिए हैं। आने वाले वर्षों में भारतीय नौसेना 60 से अधिक नए युद्धपोत और पनडुब्बियां शामिल करने की तैयारी कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें