केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि भाजपा तेलंगाना में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में अपने प्रदर्शन की समीक्षा करेगी और अगले साल के लोकसभा चुनावों में अच्छे नतीजे हासिल करने का प्रयास करेगी।
सिंधुदुर्ग में नौसेना दिवस को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय नौसेना के ऑपरेशनल जरूरतों को इतना महत्व दिया जितना कभी नहीं दिया गया था। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विजन की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की।
रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि एक आम शासक वर्तमान के साथ भविष्य की दुनिया को देख पाता है और उसके अनुरूप आज की वास्तिवकताओं से आगे जाकर भविष्य की संभावनाओं को देखता है।
स्वराज के लिए नौसेना की उपयोगिता को पहचाना
छत्रपति शिवाजी महाराज ने स्वराज के लिए नौसेना की उपयोगिता को पहचाना और नौसेना की स्थापना की। इसी तरह पीएम मोदी ने नौसेना पर खास ध्यान देकर अपने राष्ट्र और समाज को सुरक्षित रखने का प्रयास किया है। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व कौशल और विजन को दर्शाता है।
सिंह ने कहा कि एक दशक पहले तक यह माना जाता था कि देश के सामने आने वाले खतरे केवल भूमि आधारित हैं और नौसेना को उतना महत्व नहीं दिया गया। लेकिन, पीएम ने पिछले 9 वर्षों में थलसेना, वायुसेना के साथ नौसेना पर ध्यान केंद्रित किया। मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की। दुनिया में भारत का कद बढ़ा है।
मिलती है प्रेरणा
वहीं नौसेना प्रमुख आर हरि कुमार ने कहा कि हम आगे बढ़ रहे हैं। 4 दिसंबर, 1971 को जब हमारी मिसाइल नौकाओं ने एक ऑपरेशन में कराची बंदरगाह को नष्ट कर दिया था। इससे हमें प्रेरणा मिलती है। नौसेना राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राजनाथ सिंह ने सीमावर्ती गांव का जिक्र करते हुए बताया कि एक दशक तक जिन सीमावर्ती गांवों के सबसे अंतिम गांव माना जाता था, आज इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने से वह गांव पहले गांव के रूप में गिना जाने लगा है। उन्होंने नौसेना दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि आपकी उपस्थिति नौसैनिकों में नया उत्साह प्रदान करेगी।