भारत और पाकिस्तान के बीच समुद्री सीमा पर फिर तनाव की खबर सामने आई है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने शुक्रवार देर रात भारतीय मछुआरों की नाव(अल किरमानी) को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के साथ जुड़ी समुद्री सीमा पर इस नाव को पकड़ा गया। इस नाव पर चालक दल के आठ सदस्य मौजूद थे। वहीं आरोप है कि पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी की ओर से भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी भी की गई।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसियों द्वारा भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी की गई। इसका पता लगाया जा रहा है। यह पूरा वाक्या 4 मई को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा किए गए एक ऑपरेशन के बाद हुआ। दरअसल, 4 मई को सीमा सुरक्षा फोर्स ने गुजरात के भुज में हरामी नाला इलाके से एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव को जब्त किया था। हालांकि, जब इस नाव की गहनता से तलाशी की गई थी तो नाव से मछली, मछली पकड़ने के जाल और मछली पकड़ने के उपकरण के अलावा कुछ संदिग्ध नहीं मिला था।
इससे पहले 2 मई को गुजरात एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल की एक टीम ने 'अल हज' नामक एक जहाज से 280 करोड़ रुपये की हेरोइन को जब्त किया था।