विश्व आर्थिक मंच के भारत आर्थिक शिखर सम्मेलन में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भी शिकरत करेंगी। तीन-चार अक्तूबर को नई दिल्ली में होने जा रहे इस सम्मेलन में भारत सहित 40 देशों के 800 से ज्यादा नीति निर्माता, कंपनी जगत की शीर्ष हस्तियां और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना गुरुवार से भारत के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगी। तीन व चार तारीख को वह नई दिल्ली में होने वाले वैश्विक आर्थिक मंच की भारतीय आर्थिक शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगी।
बांग्लादेश के उच्चायुक्त सैयद मुअज्जम अली ने बताया कि शिखर सम्मेलन से इतर पांच अक्तूबर को वह पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इस दौरान दोनों ही देशों के प्रधानमंत्री रोहिंग्या शरणार्थियों, तीस्ता नदी के साथ ही कई अन्य मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे। दोनों ही संयुक्त रूप से तीन द्विपक्षीय परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
इसके साथ ही कई क्षेत्रों में दोनों ही देशों के बीच सात से आठ सहमति पत्र पर दस्तखत होंगे। वहीं जब उनसे भारत के राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हाल ही में संयुक्त राष्ट्र आम महासभा की बैठक से इतर प्रधानमंत्री मोदी ने हसीना को आश्वस्त किया था बांग्लादेश को एनआरसी को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है।