सऊदी अरब में नौकरी छिन जाने के बाद बेरोजगारी और खाने के संकट से जूझ रहे भारतीयों को भारतीय वाणिज्य दूतावास ने रविवार को भोजन मुहैया कराकर राहत प्रदान की। दूतावास ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। दूसरी तरफ, प्रभावित भारतीयों को इस संकट से उभारने के लिए अगले कुछ दिनों में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह भी खाड़ी देशों का रुख करेंगे।
जेद्दा में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ट्वीट कर जानकारी दी कि वाणिज्य दूतावास ने भारतीय समुदाय के साथ मिलकर भोजन वितरण का कार्य सुबह तड़के 2.45 मिनट पर पूरा किया। बताया कि भोजन वितरण के लिए पांच कैंप लगाए गए थे।
इसमें शुमैसी, सिस्टेन/मैक्रोना, सोजेक्स, हाईवे और तइफ शामिल था। इन कैंपों ने बेरोजगारी से जूझ रहे इन भारतीयों के लिए भोजन की आपूर्ति का पूरा ख्याल रखा। इनकी कोशिशों से राहत कार्य पूरी तरह सफल रहा। सऊदी अरब में 10 हजार से भी ज्यादा भारतीय नौकरी छिन जाने के बाद खाने के संकट से जूझ रहे हैं।
उनके लिए दो वक्त की रोटी का संकट पैदा हो गया है। ऐसे मेें विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने यहां स्थित भारतीय मिशनों को प्रभावित भारतीयों को भोजन के अलावा अन्य राहत मुहैया कराने का निर्देश दिया था। दरअसल विदेश मंत्री की प्रतिक्रिया एक शख्स के ट्वीट के बाद आई।
इस शख्स ने सऊदी में भारतीयों के फंसे होने की जानकारी दी थी। उसने बताया था कि जेद्दा शहर में 800 भारतीय पिछले तीन दिन से भूखे पेट रहने को मजबूर हैं। हालांकि बाद में सुषमा ने बताया कि सऊदी में भोजन संकट का सामना कर रहे भारतीयों की तादाद 10 हजार से भी ज्यादा है। विदेश मंत्री ने आश्वस्त किया था कि सऊदी में बेरोजगार सभी भारतीय कामगारों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।