प्रोफेसर चक्रवर्ती ने बताया कि देश में जिस तरीके से कोविड को लेकर हाहाकार मचा हुआ है वह मई के तीसरे हफ्ते के बाद से थमना शुरू हो जाएगा। उनका कहना है मेडिकल साइंस की रिसर्च के मुताबिक इस बीमारी से बचाव के लिए वैक्सीनेशन ही एक कारगर तरीका है। प्रोफेसर चक्रवर्ती कहते हैं कि एक मई से देशभर में वृहद टीकाकरण अभियान शुरू होने जा रहा है। वह इस बीमारी की रोकथाम के लिए बहुत बड़ा कारक बनने वाला है। उनके मुताबिक किसी भी वैक्सीनेशन को जांचने का सबसे बेहतर तरीका उसकी क्षमता होती है। उसकी क्षमता को कम से कम डेढ़ से दो साल के वक्त में ही जांचा जा सकता है। क्योंकि आपातकालीन व्यवस्था के तहत देशभर में और दुनिया भर में वैक्सीनेशन प्रोग्राम तैयार किया गया। इस प्रोग्राम के तहत वैक्सीन की दक्षता और सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखकर टीकाकरण अभियान शुरू किया जा चुका है।
प्रोफेसर चक्रवर्ती का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के वैक्सीन लेने के बाद हमारे शरीर में तीन सप्ताह के भीतर एंटीबॉडीज बनने लगती हैं। एंटीबॉडी वायरस से न सिर्फ लड़ने में सहायक होती हैं बल्कि बीमारी की चपेट में आने वाले मरीज की जान भी बहुत हद तक बचाती हैं। यही वजह है कि जिन मरीजों ने वैक्सीन की पहली डोज भी ले ली, उन्हें जान का खतरा उतना नहीं रहा। प्रोफेसर चक्रवर्ती के मुताबिक मेडिकल साइंस की रिसर्च बताती है कि किसी भी बड़े टीकाकरण अभियान से न सिर्फ मृत्यु दर रोकी जाती है बल्कि उसके संक्रमण के प्रसार को भी बहुत हद तक कंट्रोल किया जाता है। यही वजह है कि इस टीकाकरण अभियान से देश को कोरोना जैसी बीमारी से लड़ने में बहुत मदद मिलेगी।
प्रोफेसर चक्रवर्ती ने बताया कि अमेरिका में 7.70 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। अमेरिकन जर्नल ऑफ मेडिकल माइक्रोबायोलॉजी और अमेरिकी स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में वैक्सीन लगवाने वालों में से 5800 लोगों को दोबारा कोरोना हुआ। जर्नल और विभाग में दी हुई पूरी डिटेल के मुताबिक इनमें से महज 74 लोगों की मौत हुई। प्रोफेसर चक्रवर्ती का कहना है कि अगर इन आंकड़ों पर गौर करें तो एक बात स्पष्ट हो जाती है कि पहली डोज ही मरीज की जान बचाने में सक्षम है। हालांकि उनका कहना है कोविड से बचाव के लिए जो सरकार के प्रोटोकॉल हैं उनका पालन करना बेहद जरूरी है।
प्रोफेसर चक्रवर्ती बताते हैं कि ज्यादातर वायरस म्यूटेट होकर अपनी सक्रियता खत्म कर देते हैं या शरीर के बनने वाली एंटीबॉडी के साथ में निष्क्रिय हो जाते हैं। हालांकि कोविड-19 के इस वैरिएंट में ऐसा नहीं हो रहा है। यह वायरस म्यूटेट होकर और ज्यादा ताकतवर हुआ और लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन रहा है। इससे निपटने के लिए सिर्फ और सिर्फ वैक्सीनेशन ही एक रास्ता है।