रक्षा मंत्रालय ने करार के बारे में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि मैसर्स एस्ट्रोम टेक प्राइवेट लिमिटेड, बेंगलुरू के साथ अनुबंध किया है। वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ, लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुंचिद्र कुमार की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
भारतीय सेना ने स्वदेशी रूप से निर्मित टैक्टिकल लैन रेडियो के लिए शुक्रवार को दूसरे खरीद अनुबंध पर हस्ताक्षर किए है। सेना ने स्वदेशी रूप से विकसित 'सामरिक लैन रेडियो' की खरीद के लिए बंगलूरू की कंपनी मैसर्स एस्ट्रोम टेक प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है। नई दिल्ली में सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार की उपस्थिति में कंपनी के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
भारतीय सेना ने शुक्रवार को कहा, सामरिक लैन रेडियो विश्वसनीय संचार के एक अत्याधुनिक उच्च-बैंडविड्थ बैकहॉल वायरलेस रेडियो उपकरण है। इसे सेना ने इनोवेशन फॉर डिफेंस एक्सीलेंस (आईडीईएक्स) के ढांचे के तहत तैयार किया है। भारतीय सेना ने अब तक आईडीईएक्स के तहत दो अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं। इसे अप्रैल 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉन्च किया था। इसका उद्देश्य रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देना और तकनीकी विकास को प्रोत्साहित करने के लिए पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है।