लेह से करीब 250 किलोमीटर पूर्व में स्थित लद्दाख डिवीजन के डेमचोक सेक्टर में भारत और चीन की सेना आमने-सामने आ गई। भारत की ओर से डेमचोक सेक्टर में मनरेगा के तहत सिंचाई के लिए नहर की खुदाई का काम करवाया जा रहा था।
जानकारी मिलने के बाद चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिक निर्माण स्थल पर पहुंचे और काम बंद करवा दिया। हालांकि भारतीय सेना ने चीनी सेना की घुसपैठ से इनकार किया है। सेना की उत्तरी कमान ने एक ट्वीट कर कहा है कि, दोनों तरफ से सीमा पर जारी निर्माण कार्य को लेकर जो भी समस्या थी उसे बॉर्डर पर्सनल मीटिंग (बीपीएम) में सुलझा लिया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने भी कहा कि अगर इस तरह की कोई भी घटना हुई है तो उसे स्थापित तंत्र के माध्यम से हल की जाएगी।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक, करीब 55 चीनी सैनिकों ने जबरदस्ती काम बंद करवाया। चीनी सैनिकों द्वारा नहर निर्माण कार्य में जुटे कर्मियों और मजदूरों को डरा धमकाकर काम बंद करवाने की सूचना मिलने पर आईटीबीपी और सेना के करीब 70 जवान भी मौके पर पहुंचे। इस मामले में वरिष्ठ सैन्य अफसरों ने हालांकि, किसी तरह के विवाद से इनकार किया है। कहा गया है कि मामले को तय प्रक्रिया के तहत सुलझा लिया जाएगा।