भारतीय सेना की डेयरडेविल्स टीम
- फोटो : एएनआई
भारतीय सेना की डेयरडेविल्स टीम ने कीर्तिमान रचा है। डेयरडेविल्स, भारतीय सेना की मोटरसाइकिल राइडर टीम है, जो गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर परेड करने वाली है। इस टीम ने 20 जनवरी को कर्तव्य पथ पर एक कारनामा किया, जिसके तहत 40 जवानों ने सात मोटरसाइकिलों पर 20 फीट ऊंचा मानव पिरामिड बनाया। डेयरडेविल्स टीम ने इस मानव पिरामिड के साथ कर्तव्य पथ पर विजय चौक से लेकर इंडिया गेट तक, कुल दो किलोमीटर की दूरी तय की।
डेयरडेविल्स टीम के नाम हैं कई उपलब्धियां
भारतीय सेना की डेयरडेविल्स टीम सिग्नल कॉर्प्स का हिस्सा है। इस टीम ने पूर्व में भी कई उपलब्धियां हासिल की हैं। ताजा कीर्तिमान के बाद अब डेयरडेविल्स टीम के नाम 33 वर्ल्ड रिकॉर्ड, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में एंट्री शामिल हैं। डेयरडेविल्स टीम को विजय चौक से सेना की सिग्नल कॉर्प्स के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल केवी कुमार ने हरी झंडी दिखाई। डेयरडेविल्स टीम की शुरुआत साल 1935 में हुई थी और अपने गठन के बाद से यह टीम पूरे देश में 1600 से ज्यादा मोटरसाइकिल कारनामे दिखा चुकी है।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में दस हजार विशेष मेहमानों को किया गया आमंत्रित
गौरतलब है कि इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में दस हजार के करीब विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया गया है, जो 76वीं गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनेंगे। इनमें विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले लोग शामिल होंगे। विशेष मेहमानों में कई सरपंच भी शामिल होंगे, जिन्होंने अपनी-अपनी ग्राम पंचायत में उल्लेखनीय काम किया है। साथ ही पर्यावरण, पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छ जल आदि क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले लोगों को भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।