मणिपुर में सेना ने उग्रवादी संगठन नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड (एनएससीएन) आईएम के एक अवैध कैंप को पकड़ा है। इसके एक काडर को भी हिरासत में लिया गया है। खोज अभियान फिलहाल जारी है। जिस कैंप में उग्रवादी छुपे हुए थे। उसे केकरू गांव में चलाया जा रहा था।
एक रिपोर्ट के अनुसार सेना को यहां से काफी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद हुए हैं। सूत्रों के अनुसार सेना को जानकारी मिली थी कि एनएससीएन (आईएम) के काडर केकरू नागा गांव में ठहरे हुए हैं। जहां वह अवैध वसूली कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार रात को उग्रवादियों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन शुरू किया गया लेकिन सेना के जवानों के आने का पता चलते ही वह भाग गए और वहां भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अपनी वर्दी छोड़ गए। सेना ने जब खोज अभियान शुरू किया तो उसके हाथ एनएससीएन (आईएम) का एक सक्रिय सदस्य लगा।
इस सदस्य ने अपनी वर्दी को ठिकाने लगा दिया था और वह आम लोगों के बीच छुपने की कोशिश कर रहा था। भारतीय सेना मणिपुर पुलिस, खुफिया एजेंसी, स्थानीय प्रशासन और लोगों के साथ मिलकर उग्रवादियों के छुपने के ठिकानों का पता लगा रही है। इनकी गैर-कानूनी हरकतों पर लगाम लगाने के लिए सेना ने ऑपरेशन लॉन्च किया है जो फिलहाल जारी है।