भारतीय सेना ने बाढ़ में फंसे लोगों की बचाई जान
- फोटो : अमर उजाला
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से हुई लगातार मूसलाधार बारिश के चलते केवल पश्चिम बंगाल ही नहीं बल्कि भूटान में भी इसका असर देखने को मिला है। मूसलाधार बारिश के कारण भूटान के कई हिस्सों में तोर्सा नदी उफान पर आ गई, जिससे व्यापक जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। भूटान सरकार के अनुरोध पर भारतीय सेना ने तत्काल कार्रवाी करते हुए बाढ़ में फंसे कई लोगों की जान बचाी।
भारतीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुवाहाटी में बताया कि इसी बीच, रविवार को भूटान के आपातकालीन सहायता के अनुरोध पर भारतीय सेना ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सेवक रोड एविएशन बेस से दो हेलीकॉप्टरों को रेस्क्यू अभियान पर रवाना किया। यह अभियान भूटान के फुंटशोलिंग क्षेत्र में चलाया गया, जहाँ कई नागरिक बाढ़ में फंसे हुए थे।
कठिन मौसम और बेहद कम दृश्यता के बावजूद, सेना के पायलटों ने पहले हवाई सर्वेक्षण किया और फिर जोखिम भरे इलाके में लैंडिंग कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने बताया, भारतीय सेना हर संकट की घड़ी में नागरिक प्रशासन की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहती है। यह अभियान हमारी मानवीय प्रतिबद्धता और भारत-भूटान की गहरी मित्रता का प्रतीक है।
इस सफल अभियान ने एक बार फिर यह साबित किया कि भारतीय सेना “सेवा परमो धर्म: के आदर्श को निभाते हुए हर स्थिति में मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहती है। इससे भारत और भूटान के बीच आपसी सहयोग और सद्भावना के संबंध और अधिक मजबूत हुए हैं।