मोदी सरकार के मेक इन इंडिया अभियान के तहत भारतीय वायुसेना ने तीन बड़ी खरीद परियोजनाओं को टाल दिया है। वायुसेना ने जिन तीन प्रोजेक्ट पर फिलहाल रोक लगाई है, उनमें स्विट्जरलैंड से 38 पिलाटस बेसिक ट्रेनर विमान, ब्रिटेन से 20 अतिरिक्त हॉक विमान और अमेरिका से अपग्रेड इंजन के साथ 80 जगुआर लड़ाकू विमानों की खरीद शामिल हैं।
वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया ने बताया, हमने पिलाटस बेसिक ट्रेनर विमान नहीं खरीदने का फैसला किया है। वहीं हमारी अतिरिक्त हॉक विमान खरीदने की भी योजना थी, जिसे फिलहाल टाल दिया है। अब हम हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की मदद से इन परियोजनाओं को पूरा करेंगे। साथ ही कुछ अन्य इंजन अपग्रेड करेंगे। मेक इन इंडिया व अन्य कारणों से इन परियोजनाओं को रोका गया है।
भारत सरकार की 1000 करोड़ रुपये में स्विट्जरलैंड से 38 ट्रेनर विमान खरीदने की योजना थी, लेकिन एचएएल एचटीटी 40 ट्रेनर विमान को विकसित करने की एडवांस स्टेज में है। लिहाजा वायुसेना ने भारत में बने इन 70 विमानों को खरीदने का फैसला किया है। इसी तरह, 2000 करोड़ रुपये के हॉक विमान खरीदने की योजना विमानों की कीमत को लेकर तीन चार-साल से अटकी थी।