भारत सरकार ने मित्र देशों की मांग पर अगले दो साल में राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज (एनडीसी) में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 120 करने का फैसला किया है। सरकार ने कहा, अगले साल एनडीसी में सीटों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त सीटें नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार जैसे पड़ोसी देशों को दी जाएंगी।
अगले दो वर्ष में एनडीसी में 100 के बजाय 120 सीटें होंगी
रक्षा सचिव अजय कुमार के मुताबिक, सरकार 2021 में एनडीसी की मौजूदा 100 सीटों को बढ़ाकर 110 करेगी। इसके बाद 2022 में इनकी संख्या 110 से बढ़ाकर 120 की जाएगी। उज्बेकिस्तान, ताजिकिस्तान, फिलीपींस, इंडोनेशिया और फिलीपींस को पहली बार एनडीसी के एक साल के पाठ्यक्रम में सीटों की पेशकश की गई है। नेपाल, म्यांमार, बांग्लादेश और 18 अन्य मित्र देशों के सैन्य बलों के अधिकारी अब तक एनडीसी के रणनीतिक नेतृत्व पाठ्यक्रम में हिस्सा लेते हैं।
मौजूदा समय में एनडीसी के पाठ्यक्रम में 100 सीटें हैं, जिनमें से 25 सीटें इन 21 देशों के अधिकारियों के लिए आरक्षित हैं। जबकि शेष 75 सीटों पर भारतीय सैन्य बलों और भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रवेश दिया जाता है।