कोरोना से प्रभावित दुनियाभर के कई मुल्कों की भारत लगातार मदद कर रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई देशों को जरुरी सुरक्षा और स्वास्थ्य उपकरण मुहैया करवाए हैं। इसके लिए संयुक्त राष्ट्र और डब्ल्यूएचओ भी भारत की तरफ कर चुका है।
इसी मदद को जारी रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को रवांडा के राष्ट्रपति पॉल कागमे से बातचीत में उन्हें मदद का आश्वासन दिया। मोदी ने टेलीफोन के जरिए कहा, 'भारत वैश्विक महामारी से निपटने में अफ्रीकी देश को चिकित्सकीय सहायता समेत लगातार सहयोग मुहैया कराएगा।'
पीएम ने बातचीत के दौरान कागमे के नेतृत्व में संकट के प्रभावी प्रबंधन और चुनौती से निपटने में रवांडा के लोगों के दृढ़ संकल्प की सराहना की।
एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2018 में रवांडा की अपनी यात्रा के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में आई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। इसमे कहा गया है कि रवांडा के राष्ट्रपति ने मोदी की यात्रा के दौरान उनके द्वारा भेंट की गई 200 भारतीय गायों का जिक्र किया और कहा कि इससे रवांडा के बच्चों के लिए दूध की उपलब्धता सुधारने और किसानों की आय में बढ़ोतरी में मदद मिली है।
दोनों नेताओं ने वैश्विक महामारी के कारण उनकी स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों और अर्थव्यवस्थाओं के समक्ष पैदा हुई चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने संकट से निपटने और लोगों का कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए दोनों देशों में उठाए गए कदमों की जानकारी भी साझा की।