भारत में यूक्रेनी राजदूत डॉ ओलेक्सांद्र पोलिशचुक ने वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी क्षेत्रीय नेता से वैश्विक नेता बने हैं और शांति स्थापना में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
यूक्रेन के भारत में राजदूत डॉ. ओलेक्सांद्र पोलिशचुक ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अब केवल भारत के ही नहीं, बल्कि दुनिया के नेता के रूप में शांति स्थापित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। राजकोट में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए पोलिशचुक ने कहा कि पीएम मोदी का सफर एक क्षेत्रीय नेता से राष्ट्रीय और अब वैश्विक नेता बनने का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी 2024 में रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेन जाने वाले ग्लोबल साउथ के चुनिंदा नेताओं में शामिल थे।
उन्होंने भारतीय कंपनियों को यूक्रेन रिकवरी कॉन्फ्रेंस में भाग लेने का न्योता दिया और कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ के तहत रक्षा और तकनीकी सहयोग की भी संभावनाएं हैं। कार्यक्रम के बाहर उन्होंने कहा कि युद्ध के बाद यूक्रेन के पुनर्निर्माण में भारतीय कंपनियों की भागीदारी की उम्मीद है।
इस साल भारत के दौरे पर आ सकते हैं यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की
इस दौरान ओलेक्जेंडर पोलिशचुक ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की इस साल भारत का दौरा कर सकते हैं। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच मिलकर चलाए जाने वाली परियोजनाओं और सहयोग के नए अवसरों पर बातचीत होने की उम्मीद है।