भारत ने भेजी दवाएं। (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
भारत ने अफगानिस्तान को तीन टन आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं समेत चिकित्सा सहायता के चौथे बैच की सप्लाई आपूर्ति की। इसे काबुल में इंदिरा गांधी अस्पताल को सौंपा गया। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत पहले ही अफगानिस्तान को चिकित्सा सहायता के तीन शिपमेंट की आपूर्ति कर चुका है, जिसमें कोरोना वैक्सीन की 5,00,000 खुराक और आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि आने वाले हफ्तों में हम अफगानिस्तान के लोगों के लिए मानवीय सहायता के अधिक बैचों की आपूर्ति करेंगे, जिसमें दवाएं और खाद्यान्न शामिल हैं।
इससे पहले भारत की ओर से तीन खेप में अफगानिस्तान को 3.6 टन जीवन रक्षक दवाएं और कोविड रोधी टीके की पांच लाख खुराक की आपूर्ति की गई है। गौरतलब है कि भारत ने एक जनवरी को अफगानिस्तान को कोविड रोधी टीके की 5 लाख खुराकों की आपूर्ति की थी। दिसंबर में भारत ने अफगानिस्तान को 1.6 टन चिकित्सा सहायता की आपूर्ति की थी। जनवरी में मानवीय सहायता के तहत दो टन जीवन रक्षक दवाओं की खेप भेजी गई थी। इसके अलावा कोविड रोधी टीके की पांच लाख खुराक भी भेजी गई।
भारत पहले ही पाकिस्तान के रास्ते सड़क मार्ग से होते हुए अफगानिस्तान को 50 हजार मीट्रिक टन गेहूं एवं दवा भेजने की घोषणा की चुका है। भारत और पाकिस्तान परिवहन संबंधी रूपरेखा को अंतिम रूप दे रहे हैं। इससे पहले भारत ने शुक्रवार को कहा था कि वह हमेशा अफगानिस्तान की जनता के साथ खड़ा है और वहां के लोगों को खाद्यान्न, दवा सहित मानवीय सहायता प्रदान करने को प्रतिबद्ध है।